जिले के विद्यार्थी आज सुनेंगे प्रधानमंत्री का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
जिला के सभी राजकीय विद्यालयों में 16 फरवरी को विद्यार्थी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश सुनेेंगे। यह कार्यक्रम सुबह पौने 12 बजे शुरू होगा। जिला शिक्षा अधिकारी उमा शर्मा ने बताया कि जिला में इस समय लगभग 450 विद्यालयों में एजुसेट पूरी तरह कार्य कर रहे हैं और इन एजुसेटों के माध्यम से बच्चों को यह संदेश सुनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जहां राजकीय प्राथमिक विद्यालय किसी उच्च अथवा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नजदीक है तो वहां दोनों विद्यालयों के लिए संयुक्त रूप से यह व्यवस्था की जाएगी। एजुसेट न होने पर प्रोजेक्टर, दूरदर्शन अथवा रेडियो के माध्यम से बच्चों तक प्रधानमंत्री का संदेश पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ विद्यालयों में कंप्यूटर पर इंटरनेट का प्रयोग करके भी यह संवाद सुनाने की व्यवस्था की गई है। संवाद विद्यार्थियों के लिए सुनिश्चित करने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्रिंसिपल, मुख्याध्यापकों और स्कूल मुखिया को निर्देश जारी किए गये हैं।