घर में सो रहा था दवा कारोबारी का परिवार, गेट पर केमिकल डाल लगाई आग, रॉड से ताला तोड़कर 500 डॉलर, लग्जरी घड़ी और कैश ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
रानीबाग इलाके में दवा कारोबारी अंकित जैन के घर चोरों ने शनिवार रात खूब उत्पात मचाया। चोरों ने पहले गेट पर कैमिकल डालकर उसे आग लगाई फिर उसका लॉक तोड़कर अंदर दाखिल हुए। वारदात में दवा कारोबारी के घर से चोर 500 डॉलर के अलावा करीब 15 हजार की नकदी और एक लग्जरी घड़ी पर हाथ साफ कर गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यहां वहां की जानकारी जुटाकर वापस खाली हाथ लौट गई। क्षेत्र में तीन दिन के दौरान दो बार चोरी की वारदात से स्थानीय निवासी जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डरे हुए हैं वहीं पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।
महेश नगर इलाके में पहले ही चोरी की घटनाएं हो रही हैं, साथ ही अब रानीबाग में भी चोरी की वारदात से लोग सहमे हुए हैं। यहां पर पिछले तीन दिनों में चोरी की दो वारदातें हो चुकी हैं जिससे लोगों में पुलिस के खिलाफ गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि इस माहौल में लोग चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं। देर रात एकबार फिर रानीबाग में चोरी हो गई।
दरवाजे को आग लगाकर दाखिल हुए चोर
रानीबाग के मकान नंबर सात-बी में रहने वाले अंकित जैन परिवार के साथ सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े तीन बजे घर में कुछ आहट सुनी जिसके बाद जागकर देखा तो घर का सामान बिखरा था और ऊपर लॉबी का दरवाजा टूटा हुआ था। जानकारी मुताबिक गेट की कुंडी पर कैमिकल डालकर दरवाजे को जलाया गया था और मेन लॉक को रॉड से तोड़ा गया। अंकित ने बताया कि शुक्र है कि वे बेडरूम में कुंडी लगाकर सो रहे थे यदि बेडरूम खुला होता और चोर यदि यहां आ जाते तो शायद कोई भी अनहोनी हो सकती थी। अंकित ने बताया कि चोर लॉबी में डाइनिंग टेबल पर रखी उनकी पैंट में से पर्स निकालकर ले गए हैं। पर्स में लगभग 15 हजार रुपये कैश और करीब 500 डॉलर थे। इसके अलावा एक लग्जरी घड़ी भी चोरी हुई है।
महेश नगर में बढ़ी चोरी की वारदात
बता दें कि पिछले 10-12 दिनों से महेश नगर इलाके में चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। कहीं न कहीं बढ़ता ये आंकड़ा पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है। पिछले दिनों में आर्य नगर के एक स्कूल में, दयाल बाग के एक मकान में, राजा पार्क में एक घर में और रानी बाग के रिटायर्ड बीएसएनएल कर्मी के घर चोर सेंध लगा चुके हैं। अब दवा कारोबारी अंकित जैन के घर चोरी हो गई।
चोरी के आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
- अजैब सिंह, महेश नगर थाना प्रभारी