संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कनाडा भेजने के नाम पर प्राइवेट अस्पताल के मैनेजर से 4.95 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। करीब तीन साल पूर्व की घटना में बलविंदर सिंह ने अपने खाते में पैसे डलवा लिए। सिक्योरिटी की एवज में चेक दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने भुक्तभोगी के फोन सुनने बंद कर दिए और कार्यालय बंद करके भाग गया। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के आधार पर शुक्रवार बलदेवनगर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पटियाला के गुरप्रीत सिंह के अनुसार मैं सिटी के ईश्वर अस्पताल में मैनेजर था। यहां की कैंटीन का ठेका सरकुलर रोड के ऋषभ खरबंदा के पास था। मेरी उससे पहचान हो गई। मैंने उससे विदेश भेजने वाले अपने किसी की जानकारी मांगी तो उसने मुझे शुभम का नंबर दिया जोकि बलविंदर सिंह के साथ काम करता था। 28 अगस्त 2019 को शुभम का फोन आया कि मैं अंबाला आ चुका हूं, आप पॉलीटेक्निक कॉलेज चौक पर आ जाएं। बलविंदर से मुलाकात करवा देता हूं।
बाइक पर खड़ा शुभम मुझे एक फर्म के दफ्तर ले गया। वहां बलविंदर को बॉस कहकर मुलाकात करवाई। बलविंदर ने कहा कि मैं आपका होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा बनवा देता हूं, यही काम कर लेना। 19 लाख का खर्च बताया। डिप्लोमा के लिए मांगे गए 60 हजार में से मैंने 30 अगस्त को 50 हजार उसके खाते में डलवाए। 10 हजार के लिए दो दिन का समय मांगा। 4 अगस्त को बलविंदर के खाते में 10 हजार की एनईएफटी कर दी। 8 अगस्त को बलविंदर ने डिप्लोमा तैयार होने की बात कही, वर्क वीजा के लिए रुपये मांगे।
अलग-अलग बैंकों से बलविंदर के खाते में 4.35 लाख जमा करवा दिए। मैंने बलविंदर से सिक्योरिटी बांड मांगा तो अपने बैंक खातों के चेक दे दिए। कनाड़ा होटल से आया एक एग्रीमेंट दिखाया, साइन के लिए कार्यालय बुलाया। वीजे के लिए कुछ दिन इंतजार को कहा। उसके बाद इधर-उधर की बातें करने लगे। जिन लोगों से पैसा उधार लिया था, वे मुझे परेशान करने लगे। कुछ समय बाद फोन बंद आने लगा, पूछताछ में पता चला कि बलविंदर ठोल का नहीं शाहबाद का है। वहां से पता चला कि इस प्रकार की ठगी उसका पेशा है। बलदेवनगर नगर थाना प्रभारी बलबीर सिंह के अनुसार ठगी की तफ्तीश जारी है।