अंबाला छावनी पटवारखाने में परेशान हो रहे लोग। संवाद
अंबाला। पटवारियों के अतिरिक्त चार्ज छोड़ने और खाली सर्कल पर काम न होने के चलते पटवारखानों में फाइलों के ढेर लगे हैं। वहीं लोग अपने काम करवाने के लिए पटवारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाकर परेशान हो गए हैं लेकिन इन लोगों की सुनने वाला कोई नहीं है।
पटवारियों को अतिरिक्त चार्ज छोड़े सात दिन हो चुके हैं और आने वाली 31 जनवरी तक यही स्थिति रहने वाली है। जिला में 3600 के करीब इंतकाल, पांच हजार फर्द, एक हजार लोन फाइल और अन्य काम प्रभावित हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व वित्त एंव राजस्व विभाग ने भ्रष्ट पटवारियों की कथित सूची जारी की थी। इसके विरोध में पटवारियों ने अपना अतिरिक्त चार्ज छोड़ दिया था।
31 जनवरी तक रहेंगे ऐसे हालात
छावनी के सुंदर नगर निवासी सुषमा ने बताया कि उसने अपने पति ध्यान सिंह का इंतकाल निकलवाना है। इसके लिए वह छावनी तहसील पटवारखाने में पति का इंतकाल लेने के लिए आई तो उसे यहां पर अपने सर्कल का पटवारी नहीं मिला। जब वह अन्य पटवारी के पास गई तो उन्होंने काम करने से मना कर दिया। वहीं सुशीला ने बताया कि वह मच्छाैंडा की निवासी है दो दिन की छुट्टी के बाद वह पटवारखाने पहुंची तो देखा कि यहां पर पहले से ही कई लोग अपने काम करवाने के लिए खडे़ हुए है। जब वह पटवारी के पास गई तो उन्होंने अतिरिक्त सर्कल की बात कहकर मना कर दिया। इसके बाद वह कानूनगो के पास पहुंची तो कानूनगो ने 31 जनवरी तक ऐसी ही स्थिति रहने की बात कहकर उसे वापस भेज दिया।
वर्जन
पटवारी अतिरिक्त सर्कल का काम नही कर रहे हैं पूरे हरियाणा की समस्या है सरकार ने निर्णय लेना है, अभी तक सरकार की ओर से कोई आदेश नहीं आया है।
सुनील कुमार, नायब तहसीलदार, अंबाला छावनी।