- शादी की आड़ में युवक को फंसाने का आरोप, पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। शादी की आड़ में विदेश भेजने का झांसा देकर 32 लाख रुपये की ठगी की गई है। जटवाड़ गांव के एक युवक के साथ उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष द्वारा साजिश के तहत धोखा करने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक अंबाला के कार्यालय में शिकायत के बाद थाना पंजोखरा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जटवाड़ गांव निवासी राहुल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी पायल शर्मा से हुई थी। शादी के बाद उसे कनाडा भेजने का लालच दिया गया। आरोपियों ने इस बहाने से उससे और उसके परिवार से पैसे ऐंठे। यह विवाह पूरी तरह से साजिश का हिस्सा था। आरोपी पक्ष में पायल शर्मा, उसके पिता रामफल और माता किरण शामिल हैं। ये सभी करनाल के नडाना गांव के रहने वाले हैं। उनका गुप्त प्लान था कि शादी के जरिये राहुल और उसके परिवार के पैसे खर्च करवाए जाएं।
इन पैसों का उपयोग अपनी बेटी को कनाडा भेजने के लिए करना था। इस सुनियोजित षड्यंत्र के तहत आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से 32 लाख रुपये की ठगी की। राहुल ने बताया कि उसे कनाडा भेजने का झांसा देकर पैसे ऐंठे गए। डीएसपी अंबाला छावनी की जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना पंजोखरा में मुख्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पंचायती समझौते का उल्लंघन
राहुल शर्मा ने पहले भी थाना पटवी में शिकायत दी थी। आरोप है कि इसके बाद सामाजिक दबाव और झूठे मुकदमों के डर से समझौते कराए गए। 27 अगस्त को एक लिखित समझौते में तलाक और 12 लाख रुपये लौटाने का फैसला हुआ था। पायल के पिता रामफल को 15 सितंबर से पहले मुख्तारनामा भी देना था। लेकिन आरोपियों ने तय समय-सीमा के बाद समझौते से मुकर गए और उल्टा करनाल में झूठी शिकायतें दर्ज कराईं।
जांच के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस उप अधीक्षक कुलदीप सिंह की ओर से इसकी जांच कराई गई। जांच के दौरान व्हाट्सएप चैट के दस्तावेजों, गवाहों के बयान और पेश किए गए सबूतों के आधार पर स्पष्ट हुआ कि आरोपी पक्ष ने मिलीभगत कर युवक के साथ धोखाधड़ी की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकरी एएसआई नैब सिंह ने बताया कि आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।