हरियाणा की सबसे बेहतरीन इमारत अंबाला छावनी में निर्माणाधीन बैंक स्क्वेयर सह शॉपिंग माल की होगी। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को अंबाला-जगाधरी रोड पर निर्माणाधीन इमारत का निरीक्षण किया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक एवं निरीक्षण के उपरांत उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी इसलिए एकत्रित हुए हैं ताकि जो रुका हुआ कार्य था, उसे दोबारा पूरा किया जा सके। बैंक स्क्वेयर सह शापिंग मॉल का जो असली नक्शा था ,उसी के मुताबिक इसे बनाया जाए। उन्होंने बताया इस इमारत में अंबाला छावनी के 32 बैंक शिफ्ट होंगे। अभी यह बैंक बाजारों में सड़कों पर हैं। बैंकों के आगे पार्किंग की समस्या के कारण पूरा दिन बाजारों में जाम लगा रहता है। इसलिए यह तय किया गया है कि सारे बैंक एक ही इमारत में आएं।
एक ही इमारत में सभी बैंकों के आने से लोगों को भी फायदा और वो बैंक से जुड़े कार्य का एक ही इमारत में आकर पूरा कर सकेंगे। इसी तरह इमारत में इमारत में शोरूम भी बन रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिछली तरफ शोरूम बनाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए ताकि इसका प्रस्ताव बनाया जाए। अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग की छत मजबूत शीशे की होगी जिससे दिन के समय पूरी रोशनी बिल्डिंग में फैलेगी। इसके अलावा अन्य जानकारियां भी उन्होंने मंत्री अनिल विज को दी।
यह होगी सुविधा
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री अनिल विज के प्रयासों से 111.53 करोड़ रुपए की लागत से 3.97 एकड़ में तीन मंजिला बैंक स्क्वेयर सह शापिंग मॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। आगे की इमारत में 52 शोरूम होंगे। इनमें पहले तल पर 21, दूसरे तल पर 18 और तीसरे तल पर 13 शोरूम होंगे। बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर लगभग 325 गाड़ियों को खड़ा करने की सुविधा होगी। बिल्डिंग में एसटीपी, कॉमन एरिया में एयर कंडीशन, बिल्डिंग के आगे ग्रीनरी, चार लिफ्ट, फायर अलार्म, फायर फाइटिंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, दो ट्यूबवेल व अन्य सुविधाएं होंगी।
यह मौजूद रहे
चंडीगढ़ से आए हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के एमडी डीजीपी ओपी सिंह, चीफ इंजीनियर संजय महाजन, एसई संजय वर्मा, एक्सईएन राजपाल, डीएमसी अंबाला सचिन गुप्ता, एसडीएम सतेंद्र सिवाच, ईओ रविंद्र कुहाड़ आदि मौजूद रहे।