फ्लावर शो के साथ गुरदास मान नाइट 30 को
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा 30 मार्च को सरहिंद क्लब में फ्लावर शो का आयोजन किया जाएगा। इस बार फ्लावर शो के साथ-साथ बोर्ड द्वारा गुरदासमान नाइट का भी आयोजन होगा। इतना ही नहीं बोर्ड द्वारा फैशन शो भी आयोजित होगा।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बोर्ड के सीईओ वरूण कालिया ने बताया कि कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी की जा रही है। सुबह फ्लावर शो प्रतियोगिता होगी जिसमें फूल, प्लांटस, बोनसाइ, ओरनामेंटल, कैकट्स एवं अन्य श्रेणियों के पौधे प्रदर्शित किए जाएंगे। इस दौरान सिविलियन कैटेगरी भी आमंत्रित की जाएगी। सीईओ ने बताया कि बीते वर्ष पहली बार बड़े स्तर पर यह प्रतियोगिता आयोजित की गई थी और इस बार पिछले वर्ष से भी अधिक एंट्री अब तक फ्लावर शो के लिए बोर्ड को मिल चुकी है। करीब डेढ़ सौ से अधिक एंट्री इस समय आ चुकी है और ऑन द स्पॉट भी फ्लावर शो के लिए लोग रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। फ्लावर शो के साथ-साथ कई अन्य श्रेणियों के भी मुकाबले होंगे। इस दौरान विभिन्न स्कूलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
---
ग्रुप डांस और गायन का भी होगा आयोजन
सीईओ ने बताया कि कार्यक्रम में ग्रुप डांस एवं गायन प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। प्रतियोगिता में भी कोई भी स्कूल हिस्सा ले सकता है या फिर ऑन द स्पॉट अपना रजिस्ट्रेशन करा सकता है। शाम को फैशन शो व गुरदासमान नाइट का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और कार्यक्रम में ढाई हजार तक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि बोर्ड इस पूरे आयोजन के लिए 14 लाख रुपये की राशि खर्च करेगा।