बाजारों से निगम ने हटाया अतिक्रमण, जब्त किया सामान
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। बाजारों में अतिक्रमण को लेकर नगर निगम ने वीरवार को कार्रवाई की। इस दौरान अतिक्रमण हटाया गया, जबकि सामान भी जब्त किया गया। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया। निगम की यह कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही।
उल्लेखनीय है कि बाजारों में हुए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं जिसके बाद निगम ने बुधवार को कार्रवाई की थी। वीरवार को नगर निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ कैंट के बाजारों में दोबारा कार्रवाई की। टीम ने सदर बाजार, चौड़ा बाजार, निकलसन रोड, गांधी मार्केट आदि में रेहड़ियां आदि जब्त की, जबकि अन्य सामान भी जब्त किया। इस कार्रवाई का लोगों ने विरोध भी किया। निगम अधिकारियों ने कहा कि सड़कों के किनारे अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। टीम ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया तो सामान जब्त किया जाएगा, जबकि ठोस कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।