अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। डीसी शरणदीप कौर बराड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सावन में जिले से गुजरने वाले कांवड़ यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए शिविर संचालक संगठनों के साथ बेहतर तालमेल से कार्य करें। कांवड़ियों को सुविधाजनक आराम स्थल उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, विभिन्न जिलों में जाने के लिए रास्ते के लिए उचित मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं विशेष प्राथमिकता पर उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि शिविरों की सुविधा के लिए 13 ड्यूटी मेजिस्ट्रेट लगाए गए हैं और प्रत्येक क्षेत्र के एसडीएम अपने उपमंडल में कांवड यात्रा की सुविधा और सुरक्षा के नोडल अधिकारी होंगे।
डीसी बुधवार को विकास सदन के कांफ्रेंस हाल में जिले के कांवड़ शिविर संचालकों और अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। डीसी ने शिविर संचालकों से अनुरोध किया कि वह शिविर सुरक्षा की दृष्टि से मुख्य मार्ग से 20 से 25 मीटर की दूरी पर लगाएं। यदि संभव हो सके तो सुरक्षा के मद्देनजर शिविरों में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था करें।
शिविर से पहले बोर्ड लगाने के निर्देश
डीसी ने कांवड़ शिविर से 400 से 500 मीटर पहले शिविर के बारे में जानकारी का बोर्ड लगा दें ताकि कांवंड़ियों को एक दम अपना वाहन न रोकना पड़े। उन्होंने कहा कि इस स्थान से कंावड़ यात्री जिले में प्रवेश करते हैं वहां स्वागत द्वार की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी रूटों पर निरंतर पेट्रोलिंग करें और संबंधित क्षेत्र के शिविर संचालकों को भी पेट्रोलिंग वाहन का नंबर अवश्य उपलब्ध करवाएं। इस अवसर पर एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह, एएसपी चंद्रमोहन, एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग, गिरीश कुमार, विरेंद्र सिंह और सत्येंद्र सिवाच सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।