सास बोली - बहू के भागने की शिकायत देने गए तो पुलिस ने बेटे को पीटा
थाने पहुंची बहू ने कहा - ससुराल वाले करते हैं मारपीट, मायके में ही रहूंगी
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा (अंबाला)।
थाना बराड़ा में उस समय विकट स्थिति पैदा हो गई, जब बहू के किसी अन्य के साथ फरार होने का आरोप लगाते हुए एक सास शिकायत देने पहुंची। महिला ने पुलिस पर मारपीट करने सहित कई आरोप लगाए। दूसरी ओर थाने पहुंची बहू का कहना है कि ससुराल वाले मारपीट करते हैं और वह मायके में रहना चाहती है। इतना ही नहीं बहू का आरोप है कि उसे थाने में ससुराल वाले पीटने लगे थे, जबकि पुलिस का कहना है कि उसने दोनों पक्षों को अलग-अलग किया।
यह है मामला
बराड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की एक महिला पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ फरार होने का आरोप है। इसको लेकर सुसराल पक्ष से सास, महिला का पति और ननद बराड़ा थाने में पहुंचे। यहां सास ने आरोप लगाया कि उसकी बहू किसी अन्य के साथ फरार हो गई। महिला के पति का दावा है कि उसने एक पेट्रोल पंप के पास पत्नी और एक व्यक्ति को दोपहिया वाहन पर देखा था, रोकने का प्रयास किया तो भाग गए। इसके बाद शिकायत देने ये सभी बराड़ा थाने पहुंचे थे। सास का कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय उसके बेटे से मारपीट की है।
बहू ने ये कहा
थाने में ही मौजूद बहू का कहना है कि उसकी शादी साल 2002 में हुई थी। इसके बाद से ही ससुराल वाले उससे मारपीट करते हैं। अब वह अपनी ससुराल में नहीं बल्कि मायके में रहना चाहती है। उसके ससुराल वाले जो भी आरोपी लगा रहे हैं, वह गलत हैं।
यह कहती है पुलिस
थाना बराड़ा प्रभारी यशदीप कुमार का कहना है कि इस विवाद को लेकर दोनों पक्ष बराड़ा थाने में मौजूद थे। इस दौरान ससुराल पक्ष और विवाहिता के बीच विवाद बढ़ गया। दोनों में हाथापाई की नौबत आ गई थी, जबकि पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया है। पुलिस ने किसी से भी मारपीट नहीं की है। मामला महिला थाना भेजा गया है। महिला थाना ही अब इस मामले में आगामी कार्रवाई करेगा।