अंबाला सिटी। सोनीपत के राई के हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी को देखने के लिए जिले से 9वीं कक्षा के राजकीय व निजी स्कूलों के विद्यार्थी रवाना हुए। जिला शिक्षा सदन से जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसमें विद्यार्थी प्रदर्शनी में 29 राज्यों की ओर से लगाए गए 600 मॉडल को देखेंगे। इन मॉडल में हरियाणा प्रदेश के 16 मॉडल प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इनमें अंबाला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल माजरी से एग्रोवेस्ट का मॉडल भी शामिल हैं।
-
शनिवार को जाएंगे 10वीं कक्षा के विद्यार्थी
जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि राजकीय व निजी स्कूलों से 300 विद्यार्थियों को रवाना किया गया। विद्यार्थियों को प्रदर्शनी में लेकर जाने का मुख्य उद्देश्य विज्ञान के प्रति उनकी रूचि को बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को जिले से राजकीय व निजी स्कूलों के 10वीं कक्षा के विद्यार्थी प्रदर्शनी में जाएंगे। विद्यार्थियों को लेकर जाने के लिए रोडवेज की बसों की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर सहायक शिक्षा अधिकारी खेल अमरिंद्र सिंह, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल रामपुर सरसहेड़ी के प्रधानाचार्य प्रवीन कुमार, डीओसी संजय कुमार, मनोज कुमार, मोनिका, हरविंद्र सिंह व अन्य मौजूद रहे।
यह राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी 31 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी को देखने के लिए विद्यार्थी रोजाना बसों में रवाना होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी से विद्यार्थियों को सीखने को मिलेगा। जिले से भी एक मॉडल प्रदर्शनी में प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, डीईओ सुरेश कुमार ने माजरी स्कूल के स्टाफ और विद्यार्थियों की सराहना की और मौके पर पहुंचकर विद्यार्थियों का हौंसला बढ़ाया।