जिला शिक्षा सदन से कुरुक्षेत्र में आयोजित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह के लिए वि
अंबाला सिटी। कुरुक्षेत्र में आयोजित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को झंडी दिखाकर जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने रवाना किया। शिक्षा सदन से 14 सरकारी स्कूलों के 300 विद्यार्थियों के दल को छह बसों में रवाना किया गया। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर 20 शिक्षकों और दो जिला नोडल अधिकारियों को भी उनके साथ भेजा गया है। शिक्षा विभाग की ओर से इस भ्रमण के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को एक लाख रुपये की राशि मुहैया करवाई गई है। जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने कहा कि यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक अनमोल अवसर होगा, जहां वह गीता के संदेश और कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर के बारे में जान सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह 28 नवंबर से 15 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष आयोजित किए जाने वाले इस समारोह में पूर्व की भांति इस वर्ष भी देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं द्वारा भाग लिए जाने की संभावना है।