अंबाला सिटी। दो महीने से वेतन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को कुछ राहत मिली है। बीते वीरवार को एनएचएम के पास वेतन के लिए तीन करोड़ रुपये मिले हैं। इससे कर्मचारियों के वेतन का भुगतान किया जाएगा। अभी तक करीब चार करोड़ रुपये के बिलों के भुगतान के लिए कोई भी बजट नहीं आया है। बीते वर्ष का ही बकाया बजट अभी तक लंबित है। इस कारण नये कार्यक्रम को करने के लिए उधार पर ही काम चल रहा है।
एक सप्ताह तक आएगा वेतन
डॉ. विपिन भंडारी ने बताया कि सरकार की ओर से विभागों के भुगतान के लिए ई-कुबेर की सुविधा शुरू हुई है। इस कारण कर्मचारियों को खातों की कार्यप्रणाली समझने में समय लगेगा। इस सप्ताह तक जिले के सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग के कुछ कर्मचारियों को खातों के बारे में प्रशिक्षण लेने के लिए निदेशालय भी भेजा गया है। जिससे अगली बार परेशानी न हो।
800 से अधिक कर्मचारी
जिले में एनएचएम के तहत 800 कर्मचारी कार्य करते हैं। हाल ही में कर्मचारियों की डीए व अन्य भत्तों पर भी रोक लगा दी गई थी। जिसको लेकर हाई कोर्ट में मामला भी चल रहा है। एनएचएम के जिला प्रधान रमनदीप सिंह ने बताया कि कोरोना से लेकर सभी आपातकालीन समय में एनएचएम कर्मचारी सबसे आगे रहते हैं। इसके बाद भी सरकार समय पर वेतन नहीं देती। जबकि सात तारीख तक वेतन देने का नियम निर्धारित है। एचकेआरएन के कर्मचारियों का भी एक माह का वेतन बकाया है। जून में अप्रैल महीने का वेतन मिला है। जबकि मई का वेतन अभी बाकी है।
वर्जन
निदेशालय की ओर से फिलहाल तीन करोड़ रुपये का बजट मिला है। जिसमें कर्मचारियों के वेतन का भुगतान किया जाएगा। बकाया बिलों के लिए भी निदेशालय को पत्र लिखा गया है।
-डॉ. विपिन भंडारी, नोडल अधिकारी एनएचएम