अंबाला। मोहड़ा गांव की रविदास बस्ती में चार सप्ताह से गंदे पानी की समस्या का अभी पूरी तरह समाधान नहीं हो सका है। शुक्रवार सुबह भी सप्लाई से गंदा पानी आया। स्थानीय ग्रामीणों ने जनस्वास्थ्य विभाग के एसई, एक्सईएन सहित अन्य अधिकारियों को हालात बताए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने दो जगह शिविर लगाया।
स्वास्थ्य विभाग से डॉ सुनील हरी ने बताया कि शुक्रवार को शिविर में 42 लोग जांच के लिए पहुंचे, जिनमें से 29 लोगों में डायरिया के लक्षण पाए गए। इसमें नाै बच्चे भी पीड़ित मिले। सभी को दवा और ओआरएस दिया है। एक दिन पहले 41 लोग बीमार मिले थे। उन्हें दवा दी गई है। मौजूदा समय में दो मरीजों का उपचार छावनी के नागरिक अस्पताल में चल रहा है। इनकी स्थिति अब सामान्य है। जिलाभर में डायरिया को स्थिति को देखा जाए तो सिटी के नागरिक अस्पताल में बीते एक माह में 323 मामले आ चुके हैं। सबसे अधिक रात्रि के समय में केस मिल रहे हैं।
एसई बोले : समाधान होने तक यहीं करेंगे काम
मोहड़ा गांव की रविदास बस्ती में जनस्वास्थ्य विभाग के एसई अरबिंद रोहिल्ला और एक्सईएन हरभजन सिंह अपनी टीम के साथ ग्रामीणों से मिलने पहुंचे। यहां ग्रामीण देसराज ने बताया कि उनके क्षेत्र में ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई होती है। सुबह जब सप्लाई आती है तो पानी गंदा आता है। जब कुछ देर पानी चला दो तो साफ आने लगता है। ऐसे में एसई ने ग्रामीणों को समझाया कि जब तक साफ पानी नहीं आ जाएगा तब तक उनकी टीम यहां काम करेगी। उस प्वाइंट को भी खोज लिया जाएगा जहां से गंदा पानी पाइप लाइन खींच रही है। सभी कनेक्शनों को भी नए सिरे से लगाया जाएगा। वहीं, दिन में दो से तीन बार पानी के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। क्लोरीन से पानी की जांच मौके पर ही की जा रही है।
गली बनाने के लिए बीडीओ को पत्र
रविदास बस्ती में पानी की लीकेज खोजने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने पूरी गली को खोद दिया था। यह समस्या जब ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताई तो उन्होंने गली सही कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने बीडीओ अंबाला ब्लॉक प्रथम को ई-मेल कर दिया। जिसमें उन्होंने गली को बनाने की गुहार लगाई है। गली क्षतिग्रस्त होने के करण अभी कोई वाहन नहीं निकल पा रहा है। इसकी प्रति उपायुक्त व जनस्वास्थ्य विभाग को भी की गई है। जिन ग्रामीणों ने गुहार लगाई है उनमें देसराज बरार, जसबीर सिंह, हरमेश कुमार, मान सिंह, लक्ष्मी राम, बलराम और मेवा राम शामिल हैं।
डायरिया से बचाव को ये उपाय करें
- पानी को उबालकर पियें।
- उल्टी दस्त हों तो ग्लूकोज की जगह ओआरएस का प्रयोग करें।
- अधिक से अधिक पानी पियें।
- ताजे और साफ-सुथरे फल और सब्जियों का सेवन करें।
- सभी खाद्य पदार्थों को अच्छी तरह से धो लें।
- मांस और अंडों को अच्छी तरह से पकाएं।
मोहड़ा में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हालातों पर बात करते हुए। संवाद
मोहड़ा में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हालातों पर बात करते हुए। संवाद