गांव लंडा में स्थित प्राइवेट कंपनी के गोदाम के बाहर खड़े ट्रक से गुलाब जल के 278 डिब्बे चोरी हो गए। पुलिस ने सहायक मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
हिसार के नारनौंद, गांव पेटवाड वासी सिलक राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वरुण इंटीग्रेटिड लॉजस्टिक प्राइवेट लिमिटेड, गुरुग्राम में सहायक मैनेजर है और कंपनी के ट्रक पर बरेली के लखमपुर का जियालाल बतौर ड्राइवर काम करता है। वह 2 अप्रैल की शाम करीब साढ़े चार बजे जम्मू से ट्रक में प्राइवेट कंपनी के गुलाब जल के 2755 डिब्बे लोड करके गांव लंडा के लिए निकला था। 3 अप्रैल की दोपहर करीब दो बजे वह गोदाम पर पहुंच गया था। गोदाम के सिक्योरिटी गार्ड ने यह कहते हुए गाड़ी भीतर नहीं जाने दी कि जगह नहीं है। 5 अप्रैल को गाड़ी खाली होगा। इस पर जियालाल गोदाम के बाहर सड़क पर गाड़ी लगाकर खाना खाने के बाद केबिन में सो गया। 4 की सुबह उठने के बाद जिया लाल ने जब गाड़ी की जांच की तो गेट का ताला और सामान की सील टूटी मिली। उसने इसकी सूचना कंपनी के मैनेजर नरेंद्र खन्ना को फोन पर दी। मैनेजर के निर्देश के बाद मैंने सुपरवाइजर सचिन के साथ जाकर गाड़ी का सामान चेक किया तो 278 डिब्बे चोरी मिले। अपने स्तर पर तलाश के प्रयास असफल होने के बाद पुलिस को शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
साहा थाना प्रभारी एसआई बलकार सिंह के अनुसार मामले की तफ्तीश जारी है। कुछ संदिग्ध लोगों से बातचीत की जाएगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
----------------