अंबाला। भारतीय डाक व संचार विभाग से सेवानिवृत्त ओम प्रकाश से मकान बेचने के नाम पर 25 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने 5 लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सेक्टर-9 थाना पुलिस ने परशुराम नगर निवासी ओम प्रकाश की शिकायत पर सिटी निवासी रणदीप सिंह चौहान, अनुभव, सुखदेव सिंह, संदीप कश्यप पर मामला दर्ज किया है।
पीड़ित ने बताया कि वह भारतीय डाक व संचार विभाग से सेवानिवृत्त हैं। आरोपी प्रॉपर्टी का काम करता है। फरवरी 2023 में आरोपी ने बताया कि वह सिटी के अर्बन एस्टेट सेक्टर-9 में उसका मकान है। वह खरीदने के लिए आरोपियों से एक करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये में समझौता हुआ था। बयाने के तौर पर पहले 22 लाख 50 हजार रुपये की राशि दी गई थी। इसके बाद कई किस्तों में तीन लाख रुपये ओर दिए। बाद में आरोपियों ने मकान पर बैंक से लोन होने की बात कही। जब उन्होंने दी रकम मांगी तो आरोपियों ने देने से मना कर दिया। इस तरह से आरोपियों ने उससे 25 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।