स्वास्थ्य विभाग और जिलेवासियों के लिए वीरवार का दिन कुछ राहत भरा रहा। वीरवार को कुल 252 सैंपल की रिपोर्ट आई जोकि सभी नेगेटिव पाए गए। इनमें कई मजदूर भी शामिल थे। जिला में कुल 3314 सैंपल लिये जा चुके हैं, जिनमें से 3028 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। 248 सैंपल की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है इनमें से 179 सैंपल वीरवार को भेजे गए। शेष बुधवार को भेजे गए सैंपल में से बचे हैं। अभी तक तक जिला में कुल 41 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से 2 मरीजों की मृत्यु हुई हैं। वहीं 11 डिस्चार्ज हो चुके हैं। जिले के सभी 9 कंटेनमेंट जोन में विभिन्न टीमों ने 31788 लोगों को स्क्रीन किया और 19 के सैंपल भरे।आरोग्य सेतू ऐप पर वीरवार तक कुल 5361 व्यक्तियों ने आईएलआई के साथ खुद को रजिस्टर्ड करवाया था। इनमें से 148 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
टोल फ्री नंबर 1921 की शुरूआत : स्मार्ट फोन से वंचित और आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड न करने वाले व्यक्तियों को कोविड-19 से संबंधित जानकारी देने के लिए केंद्र सरकार ने 1921 टोल फ्री नंबर की सेवा शुरू की है। कोई भी व्यक्ति जिसके पास स्मार्ट फोन नहीं है और वह केवल साधारण फोन रखता है। अब उसको भी सरकार की ओर से कोविड-19 की जानकारी जो आरोग्य सेतु एप के माध्यम से दी जाती है उपलब्ध हो पाएगी।
एक्सईएन-एसडीओ समेत 34 के संपर्क में आए थे मजदूर : कोरोना पॉजिटिव पाए गए मजदूरों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग का काम पूरा हो गया है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन निशांत सिल्वेनिया व एसडीओ सुमित दलाल समेत 34 लोग मजदूरों के संपर्क में आए थे। इनमें सात मजदूर भी शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-9 का गुरदीप सिंह विर्क, महेशनगर पवनदीप, अंकुश राणा, पिंजौर का श्यामलाल, जंडली का अर्जुन, सुपरवाइजर नरेश, कैंट का हरदीप सिंह, ड्राइवर पम्मी, सन्नी, ड्राइवर बिंद्र सिंह, प्रदीप शर्मा काकरु, दुर्गा व गणेश स्टोर का मालिक, कैंट का पारस, प्रोजेक्ट इंचार्ज टहल सिंह, कैंट का राहुल, अमरुद्दीन, बबलू, नितिन प्रजापत, पप्पू, बब्याल का आजम, अरबाज और सब्जी मंडी का चिकन बेचने वाला भी कोरोना पॉजिटिव मजदूरों के संपर्क में आया था।