अंबाला सिटी। बाढ़ ने बिजली निगम को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। निगम के 103 से ज्यादा ट्रांसफार्मर, करीब 100 पोल और 14 से 15 कंप्यूटर, फर्नीचर, प्रिंटर, रिकॉर्ड जलभराव में खराब हो गए। शहर डिविजन में निगम को करीब 2.50 करोड़ का नुकसान हुआ है। निगम ने नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय में भेज दी है।
अब निगम खराब हुए ट्रांसफार्मर, पोल और खंभों को बदल रहा है। शहर में नग्गल एरिया में ज्यादा नुकसान हुआ है। चौड़मस्तपुर सब डिविजन में फर्नीचर, कंप्यूटर, रिकॉर्ड, प्रिंटर व अन्य सामान भी खराब हो गया।
बिजली निगम को शहर के मनमोहन नगर, जग्गी कॉलोनी, बलदेव नगर, काकरू, मानव चौक, घेल रोड, हीरा नगर, डंगडेहरी, डडियाना, लोहगढ़, नग्गल एरिया में चौड़मस्तपुर, खैरा, नडियाली, मियांमाजरा, नग्गल, चुगना, मटहेड़ी शेखां से नन्योला की तरफ जाने वाले रोड और ग्रामीण एरिया में खेतों में लगे बिजली निगम के पोल टूट गए और ट्रांसफार्मर भी गिरकर खराब हो गए। साथ ही करीब 10 किलोमीटर लंबी लाइन के तार भी टूटने से खराब हो गए। संवाद
कोट्स
शहर और ग्रामीण एरिया में जलभराव होने से 2.50 करोड़ का नुकसान हुआ है। नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट मुख्यालय में भेज दी गई है।
-सुखबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, शहर डिविजन बिजली निगम।
चेयरमैन ने बीबीएमबी धूलकोट का किया निरीक्षण, लेवल ऊंचा उठाने के लिए प्रपोजल मांगा
हरियाणा पावर यूटिलिटी चेयरमैन पीके दास ने बीबीएमबी धूलकोट का शुक्रवार को निरीक्षण किया। चेयरमैन दास ने बिजली निगम अधिकारियों से यहां हुए जलभराव की जानकारी ली और उसके कारणों के बारे में जाना। उन्होंने निरीक्षण के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश होने पर भी शहर की सप्लाई बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पावर स्टेशन, स्टोर और वर्कशॉप का लेवल ऊपर उठाने के लिए प्रपोजल बनाकर भेजने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने करंट लगने जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लोगों के घरों के छज्जों के आगे से गुजर रहे बिजली के तारों को दूर कर गली के बीच में करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि बीबीएमबी धूलकोट से जिले भर में बिजली की सप्लाई होती है। यहां 5 से 6 फुट तक जलभराव हो गया था और किश्ती का सहारा लेना पड़ा था। पॉवर स्टेशन डूबने से शहर की बिजली 6 से 7 दिन तक बाधित रही थी। बिजली को लेकर शहर में काफी हंगामा हुआ था। इस मौके पर डायरेक्टर ऑपरेशन यूएचबीवीएन अश्वनी रहेजा, चीफ इंजीनियर श्रीवास्तव, अंबाला सर्कल सुपरिटेंडेंट इंजीनियर केएस भौरिया, अंबाला शहर डिविजन कार्यकारी अभियंता सुखबीर सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।