शहर के सेक्टर दस स्थित डीसी आफिस पंचकूला में तैनात स्टांप ऑडिटर के घर से लाखो के जेवर और एक लाख 75 हजार की नकदी चोरी हो गई। बताया जाता है कि ऑडिटर अपने पैतृक गांव गया था और उसकी पत्नी सेक्टर में ही किसी जानकार के घर अपनी बेटियों के साथ गई थी। चोरों ने घर के पिछले आंगन से घुसकर दरवाजे की चिटकनी को तोड़ते हुए घर में दाखिल हुए और लाखो की चोरी कर ली।
थाना सेक्टर 9 पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर दस निवासी रामनिवास ने बताया कि वह पंचकूला के उपायुक्त कार्यालय में बतौर स्टांप ऑडिटर तैनात है, 18 दिसंबर को वह अपने बेटे के साथ दोपहर को अपने पैतृक गांव लोहारी जाटू बवानीखेड़ा गया हुआ था। रात 11 बजे उसे पत्नी ने बताया कि शाम को वह अपनी दोनों लड़कियों के साथ सैक्टर-10 में ही किसी जानकार के घर गई थी और वह अपने घर को ताले लगाकर गई थी। जब वह रात करीब 10.30 बजे वापिस आये तो देखा कि मकान के पीछे वाले कमरों में से एक कमरें की अदंर से लगी हुई चिटकनी बाहर से दरवाजा खिंचकर तोड़ी हुई थी और मकान के दूसरे कमरे में लकड़ी की अलमारी में बने लॉकर का ताला भी खीचंकर तोड़ा हुआ था। लॉकर में रखा 25 तोले सोना, 2 सौ ग्राम चांदी और नकद एक लाख 75 हजार रुपये गायब थे। जिसे कोई चोरी कर ले गया।