अंबाला। किसान आंदोलन के कारण सोमवार को 221 ट्रेनों सहित 125 बसों का संचालन प्रभावित रहा। रेलवे ने सुरक्षा कारणों से 158 ट्रेनों को पूर्ण तौर पर रद्द कर दिया। जबकि 27 ट्रेनों को बीच रास्ते घंटों रोककर देरी से चलाया गया।
21 ट्रेनों को बीच रास्ते के स्टेशनों पर रद्द किया गया तो 15 को पुन: संबंधित रेल मार्ग पर संचालित किया गया। सुबह सात बजे से चार बजे तक चले किसान आंदोलन के कारण अंबाला-लुधियाना रेल सेक्शन सहित अंबाला-चंडीगढ़, राजपुरा-बठिंडा, अंबाला-जम्मू का रेल मार्ग पूरी तरह से ठप रहा। लगभग 9 घंटे तक रेल मार्ग बाधित होने के कारण स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ रही। वहीं कैंट स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों में भी यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
पांच घंटे ट्रेन में फंसे रहे यात्री
अंबाला कैंट स्टेशन पर आई दो ट्रेनों में यात्री पांच घंटे तक फंसे रहे। हालांकि ट्रेनों के आने के बाद वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने यात्रियों का मार्गदर्शन किया। यात्रियों को जानकारी दी गई कि किसान आंदोलन के कारण उनकी ट्रेन अब स्टेशन पर ही खड़ी रहेगी। लगभग तीन घंटे बाद ट्रेन को अंबाला सिटी की तरफ रवाना कर दिया गया। इस दौरान यात्रियों को चाय, बिस्कुट और पानी की बोतलें भी कर्मचारियों द्वारा दी गई ताकि उनकी परेशानी कुछ हद तक कम हो सके।
नहीं चलीं बसें
अंबाला कैंट बस अड्डे से दर्जनभर बसों को ही चंडीगढ़ तरफ चलाया गया। पंजाब बंद के चलते सुबह सात बजे से लेकर चार बजे तक एक भी बस पंजाब की तरफ नहीं भेजी गई और न ही इस दौरान पंजाब से कोई भी बस अंबाला की तरफ आई। वहीं अंबाला डिपो सहित पीआरटीसी और पंजाब रोडवेज की 125 के करीब बसें प्रभावित रहीं। चंडीगढ़ की तरफ जाने वाली बसों को साहा, शहजादपुर, बरवाला से भेजा गया। बावजूद इसके यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो पाई।
लाखों रुपये का नुकसान
ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। टिकटों के रद्दीकरण को लेकर भी रेलवे की तरफ से विशेष प्रबंधक किए गए थे। आरक्षण केंद्र पर 100 से अधिक लोगों ने टिकट रिफंड करवाई और इसके तहत लगभग 56 हजार रुपये यात्रियों को दिए गए। इसके अलावा अनारक्षित टिकट केंद्र पर 20 के करीब टिकटें रद्द की गई और रिफंड के तौर पर ढाई हजार रुपये वापस किए। पंजाब व जम्मू की तरफ बसों के न जाने से रोडवेज को भी चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ।
मेडिकल कॉलेज के अस्पताल परिसर में ठंडा पड़ा अलाव संवाद
मेडिकल कॉलेज के अस्पताल परिसर में ठंडा पड़ा अलाव संवाद