जल संकट से वर्षों से जूझ रहे छावनी क्षेत्र में अब जल की कमी से जनता के कंठ नहीं सूखेंगे। इसके लिए न केवल पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है, बल्कि 123.97 करोड़ रुपये की परियोजना को भी स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही परियोजना के तहत काम शुरू होने के लिए टेंडर लगाए जाएंगे। इसके बाद अमरूत योजना के तहत नगर परिषद की टीम घसीटपुर में फिल्टर मीडिया ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना करेगा। यहां पर 20 एमएलडी का ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। इसके बाद योजना के तहत 123.97 करोड़ की लागत से अंबाला छावनी क्षेत्र के लिए 22.4 किलोमीटर पेयजल लाइन डालकर इन बूस्टरों तक पानी पहुंचाया जाएगा। यह पाइप लाइन अधोमाजरा से घसीटपुर तक डलेगी। इससे छावनी हलके की करीब एक लाख की आबादी को सीधे तौर पर लाभ होगा। गृहमंत्री अनिल विज के अथक प्रयासों के बाद अमरूत योजना के तहत इस परियोजना को सरकार ने हरी झंडी दे दी है। दरअसल हर घर तक पानी पर्याप्त मात्रा में पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से सात बूस्टर स्थापित किए गए थे। लेकिन पानी की क्षमता पहले वाली यानी 20.8 एमएलडी ही थी। अलबत्ता जनता को इन बूस्टरों का ज्यादा लाभ नहीं मिल रहा था। वहीं नया फिल्टर ट्रीटमेंट प्लांट 30 एमएलडी का बनने से क्षमता दोगुनी से अधिक हो जाएगी।
जानिए किस एरिया को मिलेगा सीधे तौर पर लाभ
1. डिफेंस कालोनी बूस्टर
इस बूस्टर से डिफेंस कालोनी के सभी सेक्टर ए,बी,सी इत्यादि समस्त एरिया, कलारेहड़ी, टूंडला और बोह में आनंद नगर तक का एरिया को लाभ मिलेगा।
2. रामपुर बूस्टर
इससे रामपुर से सरसेहड़ी तक के लोगों को फायदा होगा।
3. शाहपुर बूस्टर
इससे शाहपुर गांव को लाभ मिलेगा।
4. बब्याल बूस्टर
बब्याल से दयालबाग और दलीपगढ़ एरिया को भी इस परियोजना से लाभ मिलेगा।
5. मच्छौंडा बूस्टर
सुंदरनगर, चंद्रपुरी और मच्छौंडा एरिया सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
6. शिवाला मंडी बूस्टर
साईं का बाग और शिवाला मंडी एरिया प्रभावित होगा।
7. करधान बूस्टर
प्रभु प्रेम पुरम आश्रम से खोजकीपुर, नग्गल व करधान एरिया को लाभ मिलेगा।
क्यों उठाना पड़ा कदम
दरअसल दशकों पहले मंत्री विज नहरी पानी पेयजल योजना अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लिए लेकर आए थे। उसके बाद छावनी विधानसभा क्षेत्र में दर्जनों गांव शामिल हो गए। इसी कारण अंबाला छावनी का एरिया और पानी की लागत भी काफी बढ़ गई। अलबत्ता लोगों को बेहतर जल व्यवस्था बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से भरपूर मात्रा में मिले इसके लिए नया बूस्टिंग स्टेशन गोल्डन पार्क में बनाने का काम किया, लेकिन पानी की क्षमता अभी भी जस की तस है। इसीलिए पानी की क्षमता को बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया।
छावनी क्षेत्र के साथ-साथ आसपास क्षेत्र के लोगों को भी शुद्ध व स्वच्छ पेयजल और बेहतर तरीके से मिल सकेगा। इस परियोजना के तहत जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जायेगी।
हरीश कुमार, एमई नगर परिषद।
यह प्रोजेक्ट छावनी के विकास में मिल का पत्थर साबित होगा। लोगों को बेहतर जल सुविधा के लिए करोड़ों रुपये की राशि से नई पाईप लाईन के कार्य को स्वीकृति दिलवाने का काम किया जायेगा।
विजेंद्र चौहान, अनिल विज, मीडिया कोओर्डिनेटर।