अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। दि पोस्टल एंड आरएमएस इंपलाइज को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के चुनाव कैंट के फारूखा खालसा स्कूल में हुए। इस दौरान 12 डायरेक्टरों के लिए स्कूल में बने 17 बूथों पर मतदान हुआ। हरियाणा के अलावा अन्य पांच राज्यों से आए सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। खालसा स्कूल के समक्ष किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पुलिस टीमें मौके पर तैनात रही।
चुनाव अधिकारी एचपी जेमिनी के नेतृत्व में यह चुनाव हुए। खालसा स्कूल में केवल मतदान में हिस्सा लेने वाली बैंक के सदस्यों को ही अंदर प्रवेश करने दिया जा रहा था। 12 निदेशकों के लिए पांच वर्षीय चुनाव हो रहे हैं। चुनाव में मुख्य मुकाबला एपी सिंह-झझोलिया-राजेश पैनल और नरेश पैनल के मध्य था। दोनों पैनल की ओर से 12-12 प्रत्याशी मैदान में खड़े है। कुल 12 डायरेक्टरों का चुनाव होना है। एपी सिंह-झझोलिया-राजेश पैनल से एपी सिंह, राजेश कुमार, अनुदीप कुमार, गुरनाम सिंह, मदन लाल, रघुबीर सिंह, वीके माथुर, सुरजीत सिंह, सोनू कौशिक, इंदू भगत, रेनु धीमान, जसबीर सिंह मुकाबले में खड़े हैं जबकि नरेश पैनेल से अजैब सिंह, गुरमुख सिंह, हेतराम सिंह, जयप्रकाश शर्मा, काली चरन वर्मा, मोहिंद्र सिंह, नरेश गुप्ता, पवन कुमार, संजय कपूर, मीनू कालिया, सुदेश राठी व विनय कुमार मैदान में हैं। हरियाणा के अलावा हिमाच प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़ व दिल्ली से सदस्य मतदान के लिए अंबाला पहुंचे। बैंक के कुल 13 हजार 203 सदस्यों द्वारा बोर्ड डायरेक्टरों का चयन किया जाना है। मतदान सुबह नौ से शाम पांच बजे तक चला जिसके बाद गिनती शुरू की गई। रात्रि नौ बजे तक केवल एक बूथ की गिनती पूरी हो सकी थी जबकि मध्य रात्रि तक चुनाव परिणाम घोषित होने की उम्मीद थी। नतीजों को जानने के लिए देर रात्रि तक खालसा स्कूल परिसर पर सदस्यों का जमावड़ा लगा रहा।