अंबाला कैंट। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि मॉब लिंचिंग के मामले में कांग्रेस जहां भाजपा पर सवाल उठा रही है, वहीं साल 1984 में सिख विरोधी दंगों को कांग्रेस ने समर्थन दिया था जो कि सबसे बड़ी मॉब लिंचिंग है।
अलवर में हुई फिरोजपुर झिरका के अकबर की हत्या पर विज ने कहा कि ऐसे मामलों पर अब सुप्रीम कोर्ट ने भी कड़ा कानून बनाने को कहा है। दरअसल कांग्रेस ही मॉब लिंचिंग की असल जननी है क्योंकि कांग्रेस ने 1984 में अपने कार्यकर्ताओं को मॉब लिंचिंग के लिए उकसाकर सिखों का कत्लेआम करवाया। उस वक्त के प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी उसका समर्थन किया और कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती तो हिलती ही है। कांग्रेस मॉब लिंचिंग की जन्मदाता है।
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला द्वारा दिये बयान, जिसमें कहा कि भीड़ मुसलमानों के पीछे कुत्ते की तरह पड़ी हुई है, मंत्री विज ने ने टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि फारुख अब्दुल्ला को तब ये बातें याद नहीं आती जब कश्मीर में सेना पर पत्थर बरसाए जाते हैं, जब पाकिस्तान से आए हुए आतंकवादी निहत्थे लोगों को गोलियों से भूनते हैं, सैनिकों को शहीद करते हैं।