दुकानदारों ने दी मुलाना पुलिस को शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। कस्बा के टंगैल मार्ग पर दुकानदार को तेज गति से आ रहे डंफर चालक को धीमी गति से वाहन चलाने के लिए कहना महंगा पड़ गया। डंफर चालक ने दुकानदार की जमकर पिटाई की, जिसको लेकर दुकानदारों में रोष पनप गया। मामला व्यापार मंडल के संज्ञान में आते ही दुकानदारों ने एकत्रित होकर मुलाना थाने में डंफर चालकों के खिलाफ शिकायत दे दी।
जानकारी अनुसार टंगैल मार्ग पर तेज रफ्तार से जा रहे डंफर चालक तेज गति से चलते हैं। ये चालक स्कूल के समय में जब स्कूली बच्चों की छुट्टी होती है, उस समय में भी तेज गति से दौड़े आते हैं, जिससे बच्चे बाल-बाल बचे। इसे एक स्थानीय दुकानदार रवि ने देख लिया। रवि ने पीछे से आ रहे एक अन्य डंफर चालक को रोका व उनको कम स्पीड से चलने को कहा। इससे दोनों में बहस होने लगी। अन्य दुकानदारों को एकत्रित होता देख डंफर चालक वहां से चला गया। कुछ घंटे बाद ही डंफर चालक बोलेरो कार में कुछ लोगों को साथ लेकर रवि की दुकान पर आए व आते ही रवि की पिटाई करनी शुरू कर दी। जब तक अन्य दुकानदार कुछ समझ पाते तब तक हमलावर वहां से फरार हो गए। मामले की जानकारी व्यापार मंडल मुलाना को दी गई, जिसके बाद मामला मुलाना थाना जा पहुंचा। शिकायत के आधार पर मुलाना पुलिस मामले की जांच में जुटी गई।