नगर निगम टीम ने सदर बाजार में हटाया अतिक्रमण
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
नगर निगम अधिकारियों ने शुक्रवार को सदर जोन के बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टीम के साथ पुलिस और होमगार्ड के जवान भी साथ रहे। कार्रवाई के दौरान निगम टीम ने निर्धारित सीमा से दुकानों के आगे पड़े सामान को जब्त किया।
निगम की कार्रवाई शाम छह बजे निकल्सन रोड से शुरू हुई जोकि सदर बाजार, विजय रतन चौक, रेलवे रोड और अन्य जगहों पर चली। कार्रवाई के दौरान एसडीएम सुभाष सिहाग, ज्वाइंट कमिश्नर गगनदीप सिंह, डीएसपी सुरेश कौशिक, सेनेटरी इंस्पेक्टर विनोद बैनीवाल, जेसी पीए विक्रम कोठयाल और होमगार्ड इंचार्ज मौजूद थे। उधर नगर निगम दस्ते को देखकर दुकानदारों ने सामान को दुकानों में समेटना शुरू कर दिया। वहीं निगम कर्मियों ने भी कार्य में तेजी दिखाते हुए दुकानदारों के सामान को जब्त कर लिया। हालांकि इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया मगर उनकी अधिकारियों के आगे एक न चली। इतना ही कुछ दुकानदार जब्त हुए सामान को छुड़वाने के लिए अधिकारियों के पीछे चक्कर काटते रहे। कार्रवाई के दौरान निगम ने दुकानदारों के चालान भी किए।