अंबाला सिटी। बिजली बचत के तरीकों को लेकर बच्चे अपनी कल्पनाओं को उड़ान कैनवास पर उतारेंगे। भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) व शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से बच्चों को ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक करने के लिए एक कंपीटिशन करवाने जा रहा है। इसका मकसद है कि बच्चे ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक हों और दूसरों को भी जागरूक करें। खास बात है कि बतौर प्रोत्साहन स्कूल का नाम नेशनल लेवल पर प्रकाशित होने वाली मैगजीन में भी शामिल किया जाएगा। यह कंपीटिशन पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में स्कूलों में करवाया जाएगा। खास यह है कि जिला स्तर पर होने वाली इस कंपीटिशन की रिपोर्ट भी निदेशालय को भेजी जानी है। जिला शिक्षा अधिकारी उमा शर्मा ने बताया कि इस बारे में पत्र मिला है, जबकि इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को भी कहा गया है।
यह होगा कंपीटिशन का प्रारूप
19 अगस्त को होने वाले इस कंपीटिशन को ऊर्जा मंत्रालय के तहत ब्यूरो आफ एनर्जी एफिशिएंसी द्वारा कराया जा रहा है। इसके लिए बीबीएमबी की ओर से कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी डीईओ व डीईईओ को पत्र भी जारी किया गया है। इस प्रतियोगिता को दो वर्गों, ए व बी, में बांटा गया है। ए वर्ग में कक्षा चार से छह तथा वर्ग बी में कक्षा सात से नौ तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। दोनों वर्गों के लिए एक खास विषय दिया गया है, जिस पर बच्चों को अपनी पेंटिंग तैयार करनी है।
स्कूल को मिलेगी देश में पहचान
इस प्रतियोगिता में शामिल स्कूलों में यदि शत प्रतिशत भागीदारी रहती है, तो उनके नाम नेशनल लेवल पर प्रकाशित होने वाली मैगजीन में शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के टॉप टेन जिलों, जिनकी भागीदारी ज्याद होगी, को भी बाल दिवस पर होने वाले कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।