नारायणगढ़। बहुजन समाज पार्टी नारायणगढ़ इकाई की एक बैठक वीरवार को अंबाला प्रभारी राजाराज यादव की अध्यक्षता में पूर्व पार्षद जगदीश कुमार के आवास पर हुई। इस बैठक में आगामी 25 जुलाई को बहुजन समाज पार्टी के तत्वाधान में आयोजित पिछड़ा वर्ग कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व पार्षद जगदीश कुमार ने बताया कि सम्मेलन की अध्यक्षता नपा के पूर्व चेयरमैन संजीव वर्मा करेंगे। बसपा प्रभारी हरियाणा डॉ. मेघ राज सिंह बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहेंगे। इस बैठक में जगदीश कुमार, नरेंद्र, गुरबख्श सिंह, सतपाल, गुरमीत, मुकेश, वेदप्रकाश, नपा के पूर्व चेयरमैन संजीव वर्मा, संजीव कुमार, रोहित, रवि आदि मौजूद रहे।
स्कूल में रोपे 200 पौधे
नारायणगढ़। राजकीय माध्यमिक पाठशाला चांदसौली में शुक्रवार को ग्राम पंचायत चांदसौली द्वारा पौधरोपण किया गया। गांव के सरपंच मांगे राम व पंचायत सदस्यों जगदीश गुज्जर, शिव कुमार, मंजीत सिंह, वन संरक्षक प्रदीप कुमार व अध्यापक दर्शन लाल, देवानंद, रवि कुमार के सहयोग से स्कूल में लगभग 200 पौधे लगवाए। इस अवसर पर सरपंच ने विद्यार्थियों को जीवन में पेड़-पौधों के महत्व बारे जानकारी दी तथा बच्चों को पौधरोपण करने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने की भी अपील की।
तीज पर कार्यक्रम का आयोजन 22 को
नारायणगढ़। तीज पर्व के उपलक्ष्य में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा 22 जुलाई शनिवार को बाद दोपहर 3 से सांय 6 बजे तक राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ में एक कार्यक्रम का आयोजन कर तीज पर्व मनाया जाएगा। इस संबंध में एक बैठक राज्य मंत्री नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं महिला पार्षदों ने भाग लिया। बैठक में तीज पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई और ड्यूटियां लगाई गई। बैठक में महिला मोर्चा मंडल नारायणगढ़ प्रधान सुषमा पाल, नगरपालिका चेयरपर्सन जगदीप कौर, वाइस चेयरपर्सन मनिका अग्रवाल, पार्षद मंजू कौशिक, प्रीतपाल कौर मक्कड़, शिवानी, ललीता, पारुल, कुसुमलता, अनुरानी, लक्ष्मी आदि महिलाएं मौजूद रही।
टेलीफोन अदालत का आयोजन 28 को
अंबाला कैंट। बीएसएनएल द्वारा टेलीफोन अदालत का आयोजन 20 जुलाई को किया जाएगा। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान प्बाला, यमुनानगर, पंचकूला ग्रामीण में बीएसएनएल उपभोक्ताओं के शिकायतों व विवादों को सुना जाएगा। यह आयोजन महाप्रबंधक दूरसंचार जिला अंबाला कार्यालय परिसर में दोपहर बारह तथा बरवाला टेलीफोन एक्सचेंज में तीन बजे किया जाएगा। इस दौरान उपभोक्ता अधिक बिल आने या बिल संबंधित अन्य शिकायतों, टेलीफोन कट जाने, टेलीफोन स्थानांतरण संबंधित शिकायतें आदि पर विचार किया जाएगा। उपभोक्ता अपनी शिकायतें, फैक्स अथवा डाक द्वारा भेज सकते हैं, जिस पर टेलीफोन अदालत अवश्य लिखा जाए।
आधार अपडेशन सेंटर का शुभारंभ
अंबाला कैंट। डाक विभाग हरियाणा परिमंडल अंबाला शहर प्रधान डाकघर में आधार नवीनीकरण केंद्र का शुभारंभ निदेशक डाक सेवाएं हरियाणा जगदीप गुप्ता ने किया। उन्होंने बताया कि इस सुविधा के तहत आधार धारक अपने आधारकार्ड में नियम अनुसार बदलाव करवा सकता है, जिसके पच्चीस रुपये शुल्क रखा गया है। इस मौके पर गोकिला देवी, टेरेसा जोसेफ, बृजबाला, जेके गुलाटी आदि मौजूद रहे।