अंबाला कैंट। डीएफए की ओर से करवाई जाने वाली फुटबाल लीग जहां विवादों के चलते शुरू नहीं हो पाई, वहीं खिलाड़ी इस मामले में मंत्री अनिल विज के पास भी पहुंचे। दूसरी ओर एसोसिएशन का कहना है कि लीग के लिए वैकल्पिक मैदान तैयार कराया गया था, लेकिन बारिश के चलते इस फुटबाल लीग को टाला गया है, जबकि इसकी तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। उल्लेखनीय है कि अंबाला में दो फुटबाल एसोसिएशन सक्रिय हैं।
बता दें कि डीएफए द्वारा अंबाला कैंट में फुटबाल लीग का आयोजन किया जाना था, जबकि यह लीग 15 जुलाई को शुरू होनी थी। यह आयोजन कैंट के राबर्ट पैवेलियन मैदान में खेली जानी थी। इसी को लेकर मैदान के साथ लगते स्कूल संचालकों व आयोजकों के बीच विवाद हो गया। इसके चलते स्कूल संचालकों ने मैदान के गेट पर ताला जड़ दिया, जिस पर डीएफए पदाधिकारियों व फुटबाल खिलाड़ियों ने जमकर रोष जताया। रविवार को भी खिलाड़ी मैदान में खेलने के लिए पहुंचे, लेकिन यहां पर ताला जड़ा मिला। इसी को लेकर खिलाड़ियों ने रविवार को कैंट में मंत्री अनिल विज के आवास पर उनसे बातचीत की। बताया जाता है कि इस दौरान मंत्री ने आश्वासन दिया है कि फुटबाल मैदान को खुलवाया जाएगा।
उधर, डीएफए की ओर से आयोजित की जाने वाली फुटबाल लीग अब एक माह के लिए टल गई है। पदाधिकारियों का कहना है कि पहले विवाद के चलते राबर्ट पैवेलियन में यह लीग शुरू नहीं हो पाई। इसके बाद पदाधिकारियों की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई, जबकि इस दौरान एसोसिएशन की ओर से फुटबाल लीग के लिए अलग से मैदान की तलाश शुरू की गई। बताया जाता है कि कैंट के एसडी कॉलेज के सामने स्थित सेना के मैदान में लीग के लिए मार्किंग की गई, लेकिन यहां पर भी लीग शुरू नहीं हो पाई। शनिवार को आई तेज बरसात के कारण यह मैदान खेलने लायक ही नहीं बचा। अब एसोसिएशन ने फिलहाल यह लीग करीब एक माह के लिए टाल दी है।
विवाद के चलते फुटबाल प्रभावित
राबर्ट पैवेलियन में विवाद के चलते अभी मैदान के गेट पर ताला जड़ा हुआ है। ऐसे में जिला में फुटबाल की प्रेक्टिस करने के लिए खिलाड़ियों के पास मैदान नहीं है। कैंट के वार हीरोज स्टेडियम में पॉलीग्रास का फुटबाल मैदान बनाने के लिए काम चल रहा है, जबकि राबर्ट पैवेलियन में विवाद के चलते प्रैक्टिस नहीं हो पा रही है।
फुटबाल लीग को विवाद व बरसात के कारण फिलहाल टाल दिया गया है। रविवार को कुछ खिलाड़ी मंत्री अनिल विज से मिले थे, जबकि आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही गेट को खुलवाया जाएगा। हमारा मकसद सिर्फ फुटबाल को प्रोत्साहन देना ही है।
- मोहिंदर सिंह, प्रधान डीएफए अंबाला