अंबाला कैंट। घर में काम दिलाने के बहाने गुरुग्राम में किराए के मकान पर रह रही 23 वर्षीय युवती को अंबाला कैंट लाया गया। मगर यहां पर आते ही युवती को पता चला कि एक बूढ़े व्यक्ति के घर उसे जबरन रखकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी विवश किया जा रहा है। इस दौरान व्यक्ति ने उससे छेड़छाड़ भी की, मगर जैसे-तैसे युवती घर की छत से कूद कर भाग निकली। राहगीरों ने मध्य रात्रि युवती को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं हरकत में आई कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत में मूल रूप से असम की रहने वाली युवती ने बताया कि वह गुरुग्राम में कई घरों में झाडू-पोछा लगाने का काम करती है। उसने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला ने उसे झांसा दिया कि अंबाला में एक वृद्ध दंपती रहते हैं और यहां पर काम करने पर उसे ज्यादा पैसे मिलेंगे। युवती ने बताया कि वह उसके झांसे में आ गई और मंगलवार को अपने दो भाइयों व सीमा के साथ अंबाला पहुंच गई। रात्रि वह अंबाला कैंट बस स्टैंड पहुंचे जिसके बाद एक वृद्ध आदमी उन्हें अपने घर लेकर गया। मगर वहां जाकर पता चला कि घर में दंपती नहीं बल्कि वृद्ध अकेला रह रहा है। इस पर युवती के भाइयों ने उसे यहां काम करने से मना किया और इस दौरान वह सभी वापस लौट गए। युवती का आरोप था कि व्यक्ति अपने स्कूटर में फिर उसे ले जाने के लिए बस स्टैंड के करीब तक पहुंच गया और इस दौरान उसने उस महिला की मदद से उसे स्कूटर पर बैठाया और वापस घर ले आया। यहां उसने महिला को कुछ पैसे दिए जिसके बाद वह वहां से चली गई। युवती का आरोप था कि कमरे को बंद कर मध्य रात्रि व्यक्ति ने उससे छेड़छाड़ की। इसके बाद वह किसी तरह छत से कूदकर घर से भाग निकली और राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंच गई। यहां पर उसने अपने भाइयों को मोबाइल से फोन किया और अस्पताल बुलवा दिया। उधर, अस्पताल स्टाफ द्वारा मामले की जानकारी कैंट थाना पुलिस को भी दी गई। छत से कूदने की वजह से युवती के पैर में चोट थी। कैंट थाने के एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस महिला एवं वृद्ध व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास कर रही है।