अंबाला कैंट। सेंट्रल फीनिक्स क्लब की शूटिंग रेंज में आठ राज्यों से डेढ़ सौ खिलाड़ी ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। वीरवार को प्रतियोगिता का आगाज हुआ और पहले दिन एयर पिस्टल में अंकित फौगाट और एयर राइफल में अरुण पंचाल ने बढ़त बनाई। प्रतियोगिता का आयोजन क्लब के शूटर टेरेस द्वारा किया जा रहा है। क्लब के चेयरमैन डॉ. नीरज पराशर ने बताया कि क्लब की शूटिंग रेंज में यह दूसरी शूटिंग प्रतियोगिता है।
प्रतियोगिता के आयोजक एवं चीफ कोच अभिषेक राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा, राजस्थान, यूपी, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़ व दिल्ली से शूटर हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता दस मीटर आईएसएसएफ और दस मीटर एनआर वर्गों में विभाजित की गई है। इसमें राइफल और पिस्टल के टॉप तीन स्थानों पर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। ओवरऑल ट्राफी बेहतर प्रदर्शन करने वाले शूटिंग क्लब को प्रदान की जाएगी। इससे पहले अंबाला के शॅटर टेरेस क्लब को बीते वर्ष ओवरऑल ट्राफी मिली थी। वीरवार को प्रतियोगिता के पहले दिन मुकाबले हुए। साउंड प्रूफ शूटिंग रेंज में विभिन्न शूटर्स ने राइफल और पिस्टल इवेंट में हिस्सा लिया। एयर पिस्टल आईएसएसएफ वर्ग में 573 अंकों के साथ अंकित फौगाट प्रथम चल रहे थे, 372 अंकों के साथ मनदीप द्वितीय थे। इसी तरह आईएसएसएफ राइफल मेन स्पर्धा में अरुण पंचाल 577 अंकों के साथ प्रथम जबकि एनआर राइफल मेन स्पर्धा में 370 अंकों के साथ आशी गोयल प्रथम चल रहे थे। शेष मुकाबलों के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे।