मंगलई गांव की11 एकड़ भूमि पर बनेगा होम्योपैथिक कालेज
- खेल मंत्री अनिल विज ने बताया कि प्रदेश के 6500 गांवों में व्यायाम और योगशाला का निर्माण होगा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि मंगलई गांव में होम्योपैथिक कालेज की स्थापना की जाएगी। इस कालेज की स्थापना के बाद क्षेत्र के युवाओं को होम्योपैथिक चिकित्सक बनने के लिए शिक्षा सुविधा उपलब्ध हो पाएगी और होम्योपैथी चिकित्सा सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
विज सोमवार को अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस कालेज की स्थापना के लिए ग्राम पंचायत मंगलई द्वारा 11 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई गई है और आयुष विभाग द्वारा भी जिला स्तर की सभी औपचारिकताएं पूरी करके सरकार को केस भिजवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस कालेज की स्थापना के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करवाकर इसका निर्माण कार्य जल्द आरंभ करवाया जाएगा। एलोपैथी और आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति को भी लोकप्रिय बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सीएचसी और पीएचसी स्तर पर भी आयुष चिकित्सा सुविधाओं में विस्तार किया गया है। इसके अलावा व्यक्ति को बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए योग और व्यायाम की सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में सभी 6500 गांवों में व्यायाम और योगशाला स्थापित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 1000 गांवों में इस तरह की व्यायाम और योगशाला स्थापित की जा रही है और इसके लिए 1000 योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की गई है।