4.5 करोड़ से होगा जिम्नास्टिक हॉल का कायाकल्प
फोटो नंबर : 10 व 11
हॉल को वातानुकूलित करने के लिए टेंडर अप्रूवल की फाइल पीडब्ल्यूडी ने मुख्यालय भेजी
वहीं ऑल वेदर स्वीमिंग पूल को मंजूरी मिलने से खिलाड़ियों में खुशी की लहर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम के जिम्नास्टिक हॉल और स्वीमिंग पूल को पूरी तरह से वातानुकूलित किया जाएगा। इसके लिए कवायद शुरू हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी द्वारा जिम्नास्टिक हॉल को सेंट्रल एयर कंडीशन करने के टेंडर की फाइल को मुख्यालय मंजूरी के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही आगामी दिनों में कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा आल वेदर स्वीमिंग पूल को भी मंजूरी मिल चुकी है। इससे खिलाड़ियों को लाभ होगा। इतना ही नहीं स्टेडियम के स्वीमिंग पूल को भी ऑल वेदर स्वीमिंग पूल बनाने के लिए मंजूरी मिल चुकी है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से यहां नया स्वीमिंग पूल बनेगा जहां खिलाड़ी सर्दियों में भी तैराकी का लुत्फ उठा सकेंगे।
जिम्नास्टिक हॉल का कायाकल्प 4.5 करोड़ रुपये की लागत से होगा। योजना के अनुसार हॉल को पूरी तरह से सेंट्रल एसी किया जाएगा। इसके अलावा यहां पर खिलाड़ियों और दर्शकों के बैठने के लिए नई कुर्सियां, फाल सीलिंग, स्टेज एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इतना ही नहीं जिम्नास्टिक के नए उपकरणों की खरीद पर खेल विभाग द्वारा करीब सवा करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस समय जिम्नास्टिक उपकरण करीब 15 वर्ष पुराने हो चुके हैं।
13.70 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा स्वीमिंग पूल : विज
स्वास्थ्य खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज के प्रयासों से कैंट के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम परिसर में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऑल वेदर स्वीमिंग पूल के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। विज ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीमिंग पूल निर्माण के लिए सभी औपचारिकताओं को पूरा करके निर्माण कार्य आरंभ किया जाए ताकि स्वीमिंग के खिलाड़ियों को बिना किसी बाधा के पूरे साल प्रेक्टिस करने का अवसर मिल सके। विज ने बताया कि नए वातानुकूलित इनडोर स्वीमिंग पूल तैयार किया जाएगा, जिसके लिए 13 करोड़ 70 लाख 75 हजार 490 रुपये की मंजूरी मिल गई है। शीघ्र ही इसके टेंडर होंगे जिसके बाद निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। स्वीमिंग पूल अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार 25 मीटर चौड़ा और 50 मीटर लंबा तैयार किया जाएगा। इसे 8 लेन से बढ़ाकर 10 लेन किया जाएगा। इसमें पूल के पानी को मौसम के अनुसार गर्म रखने के लिए सोलर सिस्टम और हीटर का प्रबंध होगा। पूल में दर्शकों के बैठने के लिए विंटर गैलरी और खिलाड़ियों के लिए लॉकर रूम का भी प्रबंध किया जाएगा। पूल ताल कटोरा स्टेडियम की तर्ज पर बनाया जाएगा जिसमें खिलाड़ी पूरे वर्ष बिना किसी रुकावट के प्रैक्टिस कर सकेंगे।
पूल नहीं होने से मैदान में केवल कर रहे अभ्यास
ऑल वेदर स्वीमिंग पूल नहीं होने की वजह से खिलाड़ियों को अभी अभ्यास में परेशानी हो रही है। अंबाला में स्वीमिंग के कई खिलाड़ी हैं जोकि सर्दियों में केवल वार्मअप एवं रूटीन एक्सरसाइज ही कर रहे हैं। स्वीमिंग कोच राम शर्मा एवं कई खिलाड़ियों ने बताया कि ऑल वेदर पूल बनने से उन्हें काफी फायदा होगा और 12 माह वह अभ्यास कर पाएंगे।