दुर्गाष्टमी पर घरों में कंजकों को भोजन कराकर मांगीं सुख समृद्धि की कामना
फोटो नंबर :: 01 से 06, 16, 24
मंदिरों में माथा टेक कर श्रद्धालुओं ने लिया दुर्गा मां का आशीर्वाद
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला/मुलाना/नारायणगढ़। जिलेभर में दुर्गाष्टमी पर श्रद्धालुओं ने घरों में जहां कंजक पूजन किया, वहीं मंदिरों में माथा टेक कर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया। सुबह से ही जहां मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हो गया था, वहीं घरों में कंजकों को भोजन कराकर लोगों ने सुख समृद्धि की कामना की।
ट्विन सिटी में सुबह से ही लोग कंजकों के लिए इधर उधर भटकने लगे। कंजकों को घर में बुलाकर उनको भोजन कराया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माथा टेका व मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया। कैंट के ज्वाला माता मंदिर आलू गोदाम में श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन किया। इस दौरान गौरी शर्मा, नीतिका, अलका, रेखा, रेनू, नीलम, दीक्षा ने भजन वंदना की। इसी तरह कालीबाड़ी मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, हाथीखाना कैलाश मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, रेसकोर्स स्थित राधा कृष्ण मंदिर, लालकुर्ती व स्टाफ रोड स्थित एसडी मंदिर, सिटी में अंबिका देवी मंदिर, झांवरिया वाला मंदिर, दुखभंजनी मंदिर में दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
उधर, मुलाना स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दुर्गाष्टमी पर श्रद्धालुओं ने माता के स्वरूप कंजकों को भोजन कराकर परिवार की सुख समृद्धि की मनोकामना की। भक्तों ने सुबह माता रानी को भोग लगाकर घर में कन्याओं को भोजन कराया। व्रत धारण करने के बाद भक्तों ने मां दुर्गा की पूजा कर व्रत खोला। हलवा-पुरी का प्रसाद लेकर मंदिरों में महामाई को भोग लगाया गया। मुलाना स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
उधर, नारायणगढ़ में भी अष्टमी के दिन कंजक पूजन किया गया। कन्याओं की पूजा करने के पश्चात उन्हें फल, पूरी, हलवा व उपहार दिए। गली, मोहल्लों में लोग कन्याओं का पूजन करने के लिए अपने घरों में लाने के इंतजार करते दिखे। जैसे ही कन्याएं एक घर में पूजन करवाने के पश्चात बाहर निकलतीं तो दूसरे श्रद्धालु उन्हें अपने घरों में ले जाने के लिए तत्पर रहते।