तीन स्पर्धाओं में प्रथम रहा पीजी कॉलेज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
गवर्नमेंट पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने राजीव गांधी महाविद्यालय में आयोजित जोनल यूथ फेस्टिवल में भाग लेते हुए तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया। सभी विजयी प्रतिभागियों के कॉलेज पहुंचने पर स्टाफ सदस्यों ने स्वागत किया।
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. कमलेश ने बताया कि कॉलेज के बीए अंतिम वर्ष की रजनी ने कार्टूनिंग में, मधु ने कोलॉज में तथा रजनी, मधु और रोहित की टीम ने इंस्टालेशन में पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही पोस्टर मेकिंग में अभिषेेक और ऑन स्पॉट पेंटिंग में बलजीत कौर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं रसिया और रंगोली की टीमों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि कॉलेज की फाइन आर्ट विभाग की अध्यक्ष डॉ. गगनदीप कौर की अगुवाई में इन छात्रों ने यह उपलब्धि हासिल की है। इस मौके पर डॉ. रामकुमार, डॉ. अलका चौधरी, प्रो. रणदीप सिंह व अन्य ने पूर्ण सहयोग किया।
उधर, महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. कमलेश ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए करवाया जा रहा है। कार्यक्रम में विजयी रहे प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रो. देशराज बाजवा सहित स्टाफ सदस्य और काफी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।