अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट/सिटी।
भाई-बहन के बीच प्यार को दर्शाता रक्षाबंधन का त्योहार जिले में मनाया गया। इस पावन अवसर पर बहनों ने पारंपरिक तरीके से भाइयों की कलाइयों पर प्यार रूपी मजबूत डोर को बांधा। सुबह से ही त्योहार को लेकर चहल-पहल देखने को मिली।
रोडवेज व प्राइवेट परिवहन समिति की बसों में हालत खराब रही। राखी के लिए महिलाएं व 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों को निशुल्क सफर की घोषणा सरकार द्वारा की गई थी। यह लाभ हासिल करने के लिए महिलाएं उमड़ीं। महिलाएं दूसरे राज्यों की रोडवेज बसों में नहीं बैठ रही थी जिस वजह से हरियाणा रोडवेज की बसों में सोमवार अत्यधिक भीड़ उमड़ रही थी। बस में चढ़ने तक की जगह नहीं थी जिस कारण महिलाओं को काफी देर बस के लिए इंतजार करना पड़ रहा था। सिटी व कैंट बस स्टैंड में दोपहर तक महिलाओं की खासी भीड़ रही। दूसरी ओर राखी के दिन ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। जगाधरी रोड, स्टाफ रोड, निकलसन रोड, सिटी में मॉडल टाउन रोड, हिसार रोड व अन्य स्थानों पर वाहनों की कतारें लग रही थी। पुलिस द्वारा भी इस दौरान विभिन्न चौराहों पर ट्रैफिक कर्मी तैनात किए गए थे।
---
अंबाला सेंट्रल जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने के लिए बहने पहुंची। जेल प्रशासन द्वारा बंदियों को राखी बंधवाने का अवसर दिया। इस मौके पर राखी बांधने पहुंची बहनों की आंखों में आंसू तक झलक गए। जेल में बंद बंदियों को पहली बार आमने सामने बैठ राखी बंधवाने का अवसर मिला। इससे पहले शीशों में मुलाकात होती थी लेकिन डीजीपी जेल के आदेशों के बाद यह मौका दिया गया। इस अवसर पर बंदी व उनकी बहनें काफी खुश नजर आई। जेल प्रशासन द्वारा बताया गया कि बहनों को राखी बांधने के लिए पांच से अधिक मिनट का समय दिया गया है।
------
सेवा भारती अंबाला छावनी व कुरुक्षेत्र के सेवक पदाधिकारी उत्तम भोला, प्रेमजी, चरणजीत, जगदीश, विजय कुमार, सुशील कुमार, सतपाल, वीनू शर्मा, बहन अरुणा, बहन मंजू, बहन मोतिया अनुपम आदि ने जम्मू से 300 किलोमीटर पूंछ इलाके में स्थानीय सहयोगियों के साथ सेना जवानों को राखी बांधी। सीमाओं की हिफाजत में लगे जवानों को राखियां बांधने के दौरान उनकी लंबी आयु की कामना भी की गई।
-----------------
बराड़ा। एंजस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने राखी का त्योहार राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के साथ मनाया। दसवीं कक्षा की बलविंद्र, ईशा बक्शी, अमरिंद्र, ईशा गोस्वामी और गीतांजलि ने राज्यपाल को राखियां बांधीं। अध्यापिका कोमल शर्मा के नेतृत्व में बच्चे राजभवन गए थे।
----------
राखी के अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के निवास पर उनको राखी बांधने के लिए महिलाएं उमड़ीं। सैकड़ों की तादात में पहुंची महिलाओं ने विनोद शर्मा को राखी बांधी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बहनों को भरोसा दिलाया कि वह उनके मान सम्मान की रक्षा के लिए संकल्पित हैं। दोपहर तक उनके आवास पर राखी बांधने का सिलसिला चला। इस मौके पर मेयर रमेश मल, अरुण गर्ग राजन गुगलानी, सुधीर कौशल गोल्डी, गुरप्रीत शाना, गुरजंट सिंह, सुखजंत सिंह, बलविंद्र सिंह, अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।