अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने गांव कलरहेड़ी में वाल्मीकि समुदाय की चौपाल के निर्माण के लिए 24.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। मंत्री विज ने अपने आवास स्थान पर अपनी समस्याएं लेकर आए लोगों से चर्चा के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चौपाल का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करवाएं ताकि लोगों को जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके। इस चौपाल के लिए राशि स्वीकृत करवाने पर बलविंद्र सिंह, किरणपा चौहान, बृह मोहन, स्वर्ण सिंह, लाभ सिंह, जसवंत सिंह, छोटू राम, जसमेर सिंह, रामकिशन, बचन सिंह, हरिराम और चन्ना सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया। न्यू टैगोर नगर के लोगों ने टांगरी नदी के बांध के निकट बनाई जा रही सड़क का लेवल अधिक ऊंचा उठाने के कारण लोगों को आ रही समस्या के समाधान का अनुरोध किया। इस क्षेत्र की शांति, मुन्नी देवी, सुनील, कमल, कविता, लक्की, उमेश इत्यादि ने बताया कि सड़क ऊंची होने से लोगों के घरों में पानी आ सकता है। स्वास्थ्य मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क का लेवल ठीक करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार गांव शाहपुर के लोगों ने पेयजल की मुख्य पाईप लाईन में लीकेज की समस्या रखी और स्वास्थ्य मंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसके तुरंत समाधान के निर्देश दिए।