सड़क हादसे में दो और की मौत
शहजादपुर।
शुक्रवार देर शाम राष्ट्रीय राज मार्ग 72 शहजादपुर नारायणगढ़ मार्ग पर स्थित गांव बड़ागढ़ के नजदीक दो कारों की आमने-सामने हुई टक्कर में घायल हुए एक बच्चे व एक व्यक्ति की मौत हो गई। दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था जब उन्होंने बीच मार्ग में ही दम तोड़ दिया। शुक्रवार देर शाम जसबीर सिंह निवासी ठसका जिला यमुनानगर अपनी ससुराल से अपने भतीजे व साले के साथ अपने घर जा रहा था कि शहजादपुर नारायणगढ़ मार्ग पर स्थित गांव बड़ागढ़ के नजदीक पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक कार से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोमनाथ की मौके पर ही मौत हो गई और जसबीर और उसका 6 साल का भतीजा घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें नारायणगढ़ स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, परंतु रास्ते में ही घायलों की हालत बिगड़ने के कारण उन्हें पंचकूला के सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने जसबीर और भतीजे गौरव को मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में दूसरी कार में सवार मंगा व संजय नामक व्यक्तियों को भी घायल अवस्था में शहजादपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था जहां से चिकित्सकों ने उन्हें पंचकूला स्थित सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया था। थाना प्रभारी सुरेश पाल ने बताया कि दोनों कारों को कब्जे में लेकर मृतक जसबीर के भाई प्रदीप की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।े