अंबाला के बराड़ा में दशहरा पर देश का सबसे ऊंचा रावण महज दस मिनट में खाक हो गया। विजय दशमी पर बराड़ा में 200 फुट ऊंचा रावण का पुतला, बटन दबाते ही आतिशबाजी के साथ राख हो गया।
आसपास के क्षेत्रों से आए काफी लोगों ने इस नजारे का आनंद लिया। इसके अलावा जिले भर में करीब डेढ़ दर्जन जगहों पर दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया।
बराड़ा के दशहरा उत्सव में जहां एमएम यूनिवर्सिटी के चांसलर तरसेम गर्ग मुख्य अतिथि रहे, वहीं कैंट के रामबाग रोड दशहरा मैदान पर हुए आयोजन में केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा मुख्य अतिथि रहीं।
इसी तरह बलदेव नगर, शहर सेक्टर आठ, नन्यौला, अंबाला छावनी नाच घर रेलवे कालोनी, अंबाला छावनी शिवाला मंडी, अंबाला शहर मॉडल टाउन, अंबाला शहर प्रेम नगर, नग्गल के जनसूई गांव, बराड़ा के दशहरा मैदान, बराड़ा के अधोया गांव, मुलाना के माता बाला सुंदरी मंदिर परिसर में दशहरा उत्सव मनाया गया।
बराड़ा में रविवार को रावण दहन से पूर्व शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद दशहरा स्थल पर श्रीराम व रावण के बीच युद्ध हुआ। इसके बाद रावण दहन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि एमएम यूनिवर्सिटी के चांसलर तरसेम गर्ग ने रिमोट से बटन दबाकर रावण के पुतले का दहन किया।
रावण के इस पुतले की जूते से घुटने तक की लंबाई 40 फीट, घुटने से कंधे तक 85 फीट, गर्दन से मस्तक तक 25 फीट तथा मुकुट व ताज की लंबाई 50 फीट है। श्रीरामलीला क्लब के संचालक तेजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 10 मार्च से इस पुतले का निर्माण शुरू किया गया था।
उन्होंने बताया कि अगले साल 210 फुट का रावण तैयार किया जाएगा, जबकि गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में इस पुतले को शामिल करवने के लिए दावा किया गया है।