शहजादपुर। नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को 20 करोड़ रुपये का एक मांग पत्र सौंपा है। यह मांग पत्र शहजादपुर में आयोजित राज्यस्तरीय वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह के दौरान दिया गया। यहां मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे।
मांग पत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और किसानों से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रमुख मांगों में नया गांव कड़ासन में बीडीपीओ खंड बनाने, शहजादपुर माजरा में बड़ा पार्क, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और फायर ब्रिगेड स्टेशन स्थापित करने की बात कही गई है इसके अलावा, नारायणगढ़ राजकीय कॉलेज में बीएड कोर्स शुरू करने, डिजिटल लाइब्रेरी बनाने और नागरिक अस्पताल के सामने सड़क को 33 फुट चौड़ा करने की मांग रखी गई है। डॉ. सैनी ने नारायणगढ़ सब-डिपो को पूर्ण डिपो का दर्जा देने तथा अनाज मंडी को शहर से बाहर स्थानांतरित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से नारायणगढ़ और शहजादपुर के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगति तेज होगी, इससे युवाओं और किसानों को नए अवसर मिलेंगे।