अंबाला-सहारनपुर रेल लाइन पर दरार, 45 मिनट ठप रही अप लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। अंबाला-सहारनपुर रेलमार्ग पर अप लाइन में सुबह पटरी में दरार आ गई। मौके पर पेट्रोलिंग कर रहे कर्मी ने दरार देखी जिसके बाद जानकारी स्टेशन पर दी। पटरी पर तुरंत रेल परिचालन को रोक दिया गया। मरम्मत के बाद ट्रेनों को आगे निकाला गया। इस दौरान करीब 45 मिनट तक अप लाइन ठप रही।
अप लाइन पर सुबह करीब सात बजे बराड़ा-मुस्तफाबाद के मध्य पटरी में दरार आई। मौके से ट्रैकमैन पेट्रोलिंग कर रहा था जिसने सबसे पहले पटरी पर दरार को देखा। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम में दी गई। कंट्रोल रूम में सूचना मिलने के बाद तुरंत तकनीकी स्टाफ को मौके पर रवाना किया गया। इस दौरान अप लाइन पर चल रही ट्रेनों को रोक लिया गया। दरार ठीक करने के बाद रेल परिचालन बहाल हुआ।