करोड़ों की जमीन पर निगम ने लगाया अपनी प्रॉपर्टी का बोर्ड
फोटो नंबर : 53
प्रॉपर्टी मालिक बोले- हमारे पास सभी कागज, निगम ने गलत लगाया बोर्ड
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। नगर निगम द्वारा शुक्रवार दोपहर को सुभाष पार्क के ठीक साथ करोड़ों रुपये की जमीन पर ‘निगम प्रॉपर्टी’ का बोर्ड लगा दिया है। दोपहर को निगम की इंजीनियर ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर यहां खुदाई की और बोर्ड लगाने के बाद टीम चली गई। करोड़ों रुपये की इस जमीन पर निगम प्रॉपर्टी का बोर्ड लगने की जानकारी जमीन के स्वयं को मालिक कहे जाने वाले लोगों को लगी तो वह आनन-फानन में निगम कार्यालय में पहुंच गए। बताते हैं कि देर शाम तक इस मामले को लेकर निगम अधिकारियों व जमीन के दावेदार बताने वालों के बीच बातचीत हुई। उधर, इस मामले को लेकर निगम अधिकारियों द्वारा कोई जानकारी सार्वजनिक तौर पर नहीं दी गई।
कभी छोटी बगीची के नाम से मशहूर इस स्थान पर कई परिवार बसे हुए थे और करीब दो वर्ष पहले ही एक-एक करके सभी परिवारों ने जमीन को खाली कर दिया जिसके बाद एक पक्ष द्वारा स्वयं को जमीन का दावेदार बताते हुए यहां चहारदीवारी कर गेट लगा लिया गया था। मगर शुक्रवार को मामले में ट्विस्ट आया और दोपहर को निगम टीम ने यहां अपना बोर्ड लगा दिया। बोर्ड लगाने के लिए आनन-फानन में टीम तुरंत मौके से निकल गई। मामले को लेकर निगम अधिकारियों से लेकर स्टाफ तक किसी ने भी मामले को लेकर साफ जानकारी नहीं दी कि आखिरकार निगम द्वारा यह बोर्ड क्यों और किसलिए लगाया गया है। उधर, जमीन पर स्वयं की दावेदारी प्रस्तुत करने वाले लोगों का कहना था कि उनके पास जमीन से जड़े पूरे कागजात हैं और यह कागजात अधिकारियों को दिखाए गए हैं।