अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। एक बार फिर से टांगरी बांध के किनारे बसी कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कारण वही, टांगरी में आया 11700 क्यूसिक पानी है, जिसके चलते यह हालात बने हैं। नदी के तेज बहाव में उत्तर प्रदेश से अपने रिश्तेदार के यहां आया शिवम नामक युवक बह गया, जिसके बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। उल्लेखनीय है कि बीते साल करीब 9500 क्यूसिक पानी आया था, जबकि इस बार इससे अधिक पानी आया है।
सुबह करीब ग्यारह बजे टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा, जबकि धीरे-धीरे यह बांध के किनारे बसी कॉलोनियों में भर गया। उधर, प्रशासनिक अधिकारियों ने भी टांगरी बांध का दौरा किया और टांगरी नदी की स्थिति का जायजा भी लिया। निगम की ओर से टांगरी बांध के किनारे रहने वाले लोगों को मुनादी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
सोमवार प्रात: शिवालिक की पहाड़ियों के क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण टांगरी नदी में अत्यधिक पानी आ गया। इसी को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने भी मौके का दौरा करके टांगरी नदी में पानी की स्थिति और कालोनियों में जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग के नेतृत्व में नगर निगम, सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने न केवल आस पास की कालोनियों में रहने वाले लोगों को इस पानी से सुरक्षित रहने की सूचना जारी की बल्कि स्थिति से निपटने के लिए तुरंत सभी आवश्यक कदम भी उठाए। इस मौके पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह भी निगम अधिकारियों के साथ उपस्थित रहे। एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग ने बताया कि आज टांगरी नदी में रिकार्ड 11700 क्यूसिक पानी आने के कारण निकटवर्ती कुछ कालोनियों में पानी जमा हुआ। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जिन कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई थी वहां रहने वाले 400 से 500 लोगों को विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से दोपहर का भोजन उपलब्ध करवाया गया।