अंडरपास निर्माण के लिए सुबह रेलमंत्री से मिले सांसद-विधायक, शाम को कार्रवाई करने पहुंची टीम
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
सांसद रत्न लाल कटारिया और विधायक असीम गोयल ने शुक्रवार सुबह केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर सिटी कपड़ा मार्केट के रेलवे अंडरपास को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। विधायक असीम गोयल ने बताया कि कपड़ा मार्केट में रेलवे स्टेशन के नजदीक बन रहे अंडरपास के निर्माण कार्य में रुकावट आने पर शहरवासियों ने यह समस्या उनके सामने रखी थी। उधर, शाम को रेलवे और पीडब्ल्यूडी की टीम ने मौके पर पहुंच कर काम शुरू करने पर चर्चा भी की।
विधायक गोयल ने बताया कि उन्होंने रेलमंत्री से जंडली और नयागांव क्षेत्र में बनने वाले रेलवे अंडरपास का कार्य भी शीघ्र आरंभ करवाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि रेलमंत्री ने इन परियोजनाओं को शीघ्र आरंभ करवाने का आश्वासन देने के साथ-साथ कपड़ा मार्केट के अंडरपास के रुके हुए कार्य को भी जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि अंडरपास का काम अधर में रुकने से परेशान कपड़ा मार्केट के दुकानदारों ने गत दिनों डीसी के अलावा विधायक से भी शिकायत की थी। दुकानदारों का कहना है कि अंडरपास के निर्माण कार्य के चलते रास्ते की खुदाई की गई जिस कारण उनकी दुकानदारी काफी प्रभावित हो रही है। यहां विधायक ने कुछ माह पहले निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था, मगर रेलवे ने बाद में काम को बंद कर दिया था।