लोन के नाम पर ठगी के दो आरोपी तीन दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
अखबार में विज्ञापन देकर आसान किश्तों पर लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में पड़ाव पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को काबू कर तीन दिन के रिमांड पर लिया। मामले में पुलिस द्वारा एक आरोपी महिला को पहले ही काबू किया जा चुका है जबकि ठगी करने के मामले में गिरोह का मास्टरमाइंड आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पड़ाव थाना के एएसआई कृष्ण ने बताया कि मोची मंडी निवासी तारा रानी ने अगस्त 2016 में पड़ाव थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसने अखबार में विज्ञापन देखा था जिसमें लिखा था एक फाइनेंस कंपनी द्वारा आसान किश्तों पर लोन उपलब्ध है। महिला ने उस मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उन्होंने महिला को बताया कि उसे लोन मिल जाएगा लेकिन उसे कंपनी द्वारा बताए गए अकाउंट नंबर में 54 हजार रुपये डलवाने होगे। इसके बाद महिला उनके झांसे में आ गई और बताए गए अकाउंट नंबर पर अलग अलग किश्तों में रुपये डाल दिए। इसके बाद ठगों ने अपने मोबाइल नंबर स्विच ऑफ कर लिए। महिला ने पड़ाव थाने में शिकायत दी जिसके बाद कार्रवाई करते हुए गुजरात के अहमदाबाद निवासी किरण गौरी शंकर महिला को पुलिस पहले ही काबू कर चुकी थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला के बैंक अकाउंट में ही पीड़ित महिला ने रुपये जमा करवाये थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी हांसी निवासी गौरव और 26 वर्षीय भूपिंद्र निवासी गांव खरखड़ा, रेवाड़ी को दिल्ली से काबू किया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है।