राज्यमंत्री सैनी ने दौरे के दौरान अनुपस्थित रहने पर बिजली निगम के एसडीओ को सस्पेंड करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। (अंबाला)
श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिजली निगम नारायणगढ़ के एसडीओ यशपाल सिंह राणा को निलंबित करने के निर्देश उत्तरी हरियाणा वितरण निगम के एमडी शत्रुजीत कपूर को दिए हैं। राज्यमंत्री ग्रामीण दौरे के दौरान गांव बल्लोपुर में समस्याएं सुन रहे थे। बिजली संबंधी समस्याएं आने और एसडीओ के इस ग्रामीण दौरे के दौरान अनुपस्थित होने पर राज्यमंत्री द्वारा एसडीओ को सस्पेंड करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
राज्यमंत्री ने बताया कि लोगों से उक्त एसडीओ की लगातार शिकायतें मिल रही थी और आज भी वे उनके दौरे के दौरान गैरहाजिर रहे। जिस बिजली निगम के कर्मचारी को उनके कार्यक्रम में भेजा गया उसे लोगों की समस्याओं के निवारण व क्षेत्र से संबंधित कोई जानकारी नहीं थी। यहीं नहीं एसडीओ द्वारा ग्रामीण दौरे के दौरान उपस्थित न होने बारे भी कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। राज्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए जनता के कार्य सर्वोपरि हैं। अधिकारी और कर्मचारी लोगों की समस्याओं के समाधान प्राथमिकता के आधार पर करें।