महारोजगार मेले में पहले दिन 1125 का चयन
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने अपने साढ़े चार साल के दौरान एक लाख से अधिक युवाओं को नौकरी दी है। इनमें हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा चयनित किए गए 54610 कर्मचारी भी शामिल हैं। इसमें पुलिस भर्ती की सूची भी जोड़ दें तो यह आंकड़ा 61 हजार हो जाता है। राज्यमंत्री शुक्रवार को राजकीय कालेज नायणगढ़ में आयोजित दो दिवसीय महारोजगार मेले में आये युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से लगवाए गए 113 रोजगार मेलों में लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार दिलवाया गया है।
महारोजगार मेले में प्रथम दिन 80 कंपनियों ने भाग लिया और 2500 प्रार्थियों का पंजीकरण किया गया, जिसमें से 1125 को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर सांसद रतन लाल कटारिया ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्यमंत्री नायब सैनी द्वारा नारायणगढ़ हलके में यह तीसरा रोजगार मेला लगाकर युवाओं को नौकरी के लिए अवसर प्रदान करने का काम किया है और हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। इस मौके पर मंडल रोजगार अधिकारी राजिंद्र पाल सैनी ने मुख्यातिथि व अन्य लोगों का स्वागत करते हुए विस्तार से महारोजगार मेेले के बारे में जानकारी दी। नव ज्योति एजेंसी के डायरेक्टर गुरशरण खुराना ने महारोजगार मेेले में आई कंपनियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महारोजगार मेले में प्रथम दिन 80 कंपनियों ने भाग लिया और 2500 प्रार्थियों का पंजीकरण किया गया, जिसमें से 1125 को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि नव चयनित युवाओं से कम्पनी का अगले तीन महीनो तक समन्वय रहेगा और उनकी किसी प्रकार की दिक्कत को दूर किया जाएगा।