अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। कांग्रेस नेता व पूर्व पार्षद ओंकार नाथी पर डीईटीसी द्वारा दर्ज कराए गए मामले में नया मोड़ का गया है। अब मामले में ओंकार नाथी के बेटे से हुई मारपीट की शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन को दी गई है। मामले की जानकारी हेल्प लाइन में देने के बाद शनिवार को हेल्प लाइन के सदस्यों ने घर आकर किशोर के बयान किए। बताते हैं कि किशोर ने इस दौरान डीईटीसी पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। बयान दर्ज करने के बाद मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्प लाइन ने चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) को दी है।
शुक्रवार को इस मामले की शिकायत परिवार सदस्यों ने चाइल्ड हेल्प लाइन पर दी थी जिसके बाद शनिवार को कमल, प्रियांशी व अन्य सदस्यों ने पूर्व पार्षद के घर पहुंचकर किशोर की काउंसलिंग की। बताते हैं कि किशोर ने बताया कि एक अंकल ने दिवाली की रात उसके साथ मारपीट की थी जिस दौरान वह गंभीर रूप से घायल तक हो गया था। उसने बताया कि वह घर जाना चाहता था मगर उसे खूब मारा गया जिस वजह से वह घायल तक हो गया। एक अंकल डंडे से उसे पीटा। पूरी जानकारी लेने के बाद टीम सदस्य वापस लौट गए। उधर इस मामले को लेकर ओंकार नाथी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक उनकी शिकायत र कोई कार्रवाई नहीं की है जिस वजह से उन्हें चाइल्ड हेल्प लाइन का सहारा लेना पड़ा है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को रॉड से मारा गया जिस वजह से बाजू पर चोट है। उनकी शिकायत पर राजनैतिक दबाव के चलते पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया जबकि उनके बेटे को बेरहमी से पीटा गया है। उन्होंने कहा कि यदि चाइल्ड हेल्प लाइन भी बच्चे की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करेगी तो उनके खिलाफ भी अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
यह था मामला
बता दें कि दिवाली की रात पूर्व पार्षद ओंकार नाथी के बेटे पर डीईटीसी सुरेंद्र कुमार द्वारा गली में पटाखे बजाने का आरोप लगाया गया था जिसके बाद बच्चे से कुछ लोगों ने मारपीट की। बेटे को छुड़वाने के लिए मौके पर पहुंचे ओंकार नाथी पर डीईटीसी को रिवाल्वर दिखाकर धमकाने के आरोप लगाए गए। इसके बाद नाथी के खिलाफ आम्र्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। अगले दिन ही नाथी को अदालत से जमानत मिल गई थी। मगर ओंकार नाथी की शिकायत पर कोई कार्रवाई पुलिस ने नहीं की जबकि उनके बेटे को बुरी तरह से पीटा गया था।