अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। त्योहार पर घर जाने की उम्मीद वेटिंग में नजर आ रही है। प्रमुख नियमित ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति इस कदर है कि यात्रियों को सिर्फ मायूसी ही मिल रही है। सीट कंफर्म नहीं होने पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है और ऐसे में रेलवे द्वारा चलाई जा रही अतिरिक्त ट्रेनें भी कम पड़ रही है। आलम यह है कि ट्रेनों में चढ़ने के लिए कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में होड़ मची है। उधर, रेलवे द्वारा एक दर्जन से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं।
दिवाली व छठ पूजा पर घर जाने के लिए इस समय कैंट रेलवे स्टेशन से यूपी-बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ रही है। कैंट स्टेशन से प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री ट्रेनें पकड़ रहे हैं, मगर कई यात्रियों के सीट कंफर्म नहीं हो पा रहे हैं, खासकर प्रमुख ट्रेनों में। यूपी व बिहार की ओर जाने के लिए हावड़ा मेल, हावड़ा एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस, जनसेवा व जननायक एक्सप्रेस, बरौनी एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस व अन्य ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ रही है। कैंट रेलवे स्टेशन पर सोमवार को ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों में होड़ मची थी।
यह चल रही स्पेशल ट्रेनें
रेलवे द्वारा दिवाली व छठ पूजा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। इसमें ट्रेन नंबर 04914-13 अंबाला कैंट-सहरसा स्पेशल एक्सप्रेस, 04918-17 जालंधर सिटी-कटिहार एक्सप्रेस, 09021-22 बांद्रा-जम्मू एक्सप्रेस, 04081-82 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 04912-11 सरहिंद-सहरसा एक्सप्रेस, 04919-20 फिरोजपुर-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, 09021-22 बांद्रा-जम्मू एक्सप्रेस, 04924-23 चंडीगढ़-गोरखपुर एक्सप्रेस, 045102-101 नंगलडैम-लखनऊ एक्सप्रेस और 04998-97 बठिंडा-बनारस एक्सप्रेस शामिल है।
.................
रेलवे द्वारा विभिन्न रेलमार्गों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई गई है। यात्रियों को यदि नियमित ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिली तो वह स्पेशल ट्रेनों में आरक्षण करवा सकते हैं।
प्रवीण गौड़ द्विवेदी, सीनियर डीसीएम, अंबाला रेल मंडल।