अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। अंबाला से साहा तक फोर लेन सड़क के निर्माण के टेंडर जल्द लगाए जाएंगे और इसकी डीपीआर का कार्य पूरा किया जा चुका है। इस परियोजना पर शीघ्र कार्य शुरू करवाने के लिए मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने नई दिल्ली में केंद्रीय भूतल परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की।
विज ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा यह योजना काफी समय पहले स्वीकृत कर दी गई है और इसकी डीपीआर तैयार करने की सभी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग अथारिटी के अधिकारियों को इस परियोजना के टेंडर शीघ्र जारी करने के निर्देश देने के साथ-साथ इस कार्य को विशेष प्राथमिकता पर शुरू करने के आदेश भी दिये। स्वास्थ्य मंत्री ने इस परियोजना को विशेष तवज्जो देने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया और मंत्री के साथ-साथ उनके कार्यालय में विभाग के अधिकारियों से भी पूरी परियोजना पर विस्तृत चर्चा की।
1860 करोड़ रुपये की है परियोजना
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि यह परियोजना 1860 करोड़ रुपये की है और इसके प्रथम चरण में अंबाला से साहा तक फोर लेन कार्य आरंभ होगा। छावनी बस अड्डे से कैपिटल चौक और कैपिटल चौक से लेकर टांगरी नदी तक चारमार्गी सड़क के साथ-साथ सर्विस लेन भी बनाई जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। इस परियोजना को अंबाला से साहा के बाद चरणबद्ध तरीके से साहा से शाहाबाद और शाहाबाद से इस्माईलाबाद तक फोर लेन किया जायेगा।
56 किमी लंबी होगी सड़क
इस परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वी के शर्मा ने बताया कि अंबाला से साहा, साहा से शाहाबाद और शाहाबाद से इस्माईलाबाद तक कुल 56 किमी लंबाई की परियोजना है। इस मार्ग पर आवश्यकतानुसार फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जायेगा और इस परियोजना की शुरुआत अंबाला से साहा मार्ग के लिए की जायेगी। इस पूरे मार्ग के दोनों ओर जल निकासी के नाले भी तैयार किये जायेंगे और इन नालों के ऊपर ही पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ की सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी।