पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
तस्करों को पकड़ने के लिए नाके पर खड़ी पुलिस टीम पर फायरिंग कर पशु तस्कर फरार हो गए। फायरिंग में पुलिस मुलाजिम बाल-बाल बचे। बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की लेकिन पशु तस्कर गाड़ी समेत भागने में कामयाब हो गए। मुलाजिमों की शिकायत पर सदर थाना में हत्या का प्रयास समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जानकारी मुताबिक सदर थाना पुलिस टीम बुधवार रात गांव देवीनगर में गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि हिसार रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास से कुछ लोग लावारिस गोवंश को पिकअप में लोड कर जलबेहड़ा रोड की तरफ जा रहे हैं। सूचना पाते ही पुलिस टीम गांव दुराना पहुंची और वहां नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने देखा कि अंबाला की तरफ से पिकअप आ रही है जिसमें बैल लदे थे। इस दौरान पुलिस टीम ने लाइट का इशारा कर गाड़ी को रोकाने का प्रयास किया। गाड़ी में बैठे लोगों ने पुलिस टीम को देखा तो गाड़ी में पीछे की तरफ खड़े लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर पत्थर मारना शुरू कर दिया। उनमें से दो ने पुलिस टीम पर गोली चलानी शुरू कर दी। बचाव में पुलिस टीम के एक मुलाजिम ने पिस्टल से चार राउंड फायर किए। इस दौरान आरोपी तेज रफ्तार से गाड़ी भगाकर भागने में कामयाब हो गए। सूचना पाते ही सदर थाना और नग्गल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वीटी की गई और शहर से बाहर निकलने वाले रास्तों पर नाका लगाया गया। देर रात तक गहन चेकिंग और संदिग्ध स्थानों की छानबीन की जाती रही लेकिन आरोपी और उनकी गाड़ी का सुराग पुलिस को नहीं लगा। मुलाजिमों की शिकायत पर सदर थाना में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रात को पुलिस टीम पर फायरिंग की गई है जिसके बाद अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। -मेहर सिंह, एसएचओ, सदर थाना, अंबाला सिटी।